PET परीक्षा-2026 के दौरान परीक्षार्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने विशेष रेल परिचालन योजना तैयार की है। 25 एवं 30 अक्टूबर तथा 01 नवंबर को होने वाली परीक्षा के लिए दो अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, जबकि जरूरत पड़ने पर नौ ट्रेनों का विस्तार और तीन ट्रेनों के समय में बदलाव भी किया जा सकेगा। परीक्षा तीन दिनों में दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली प्रातः 10 से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक रखी गई है। रेलवे का उद्देश्य परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने और परीक्षा के बाद घर लौटने में सुविधा देना है। दो स्पेशल ट्रेनें चलेंगी गाड़ी संख्या 01821: प्रयागराज जंक्शन से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी तक। यह 12 कोच वाली अनारक्षित ट्रेन 24, 29 एवं 31 अक्टूबर को रात 7:45 बजे प्रयागराज से रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:15 बजे झांसी पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 01823: कानपुर सेंट्रल से मथुरा जंक्शन तक। यह भी 12 कोच वाली अनारक्षित ट्रेन 24, 29 एवं 31 अक्टूबर को रात 8 बजे कानपुर से छूटेगी और अगले दिन प्रातः 3:10 बजे मथुरा पहुंचेगी। कानपुर–मथुरा स्पेशल से फफूंद, इटावा, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद और टूंडला समेत मार्ग के स्टेशनों से यात्रा करने वाले परीक्षार्थियों को सुविधा मिलेगी। दोनों ट्रेनें परीक्षा से एक दिन पहले गंतव्य तक पहुंचने वाले अभ्यर्थियों के लिए संचालित की जा रही हैं। अन्य मंडलों से भी चलेंगी स्पेशल ट्रेनें प्रयागराज, झांसी और आगरा मंडल समेत अन्य संबंधित रेल मंडलों के समन्वय से अतिरिक्त विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, मथुरा और झांसी जैसे प्रमुख गंतव्यों के लिए आवश्यकता अनुसार और ट्रेनें चलाई जा सकती हैं। नौ ट्रेनों का विस्तार, तीन के समय में बदलाव अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए कानपुर सेंट्रल–फतेहपुर, इटावा–कानपुर सेंट्रल और कानपुर सेंट्रल–टूंडला समेत संबंधित खंडों की कुल नौ ट्रेनों के गंतव्य विस्तार का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा कानपुर सेंट्रल–लखनऊ, कानपुर सेंट्रल–रायबरेली तथा कानपुर सेंट्रल–खजुराहो खंड की तीन ट्रेनों के समय में जरूरत पड़ने पर बदलाव किया जा सकता है। रेलवे ने कहा है कि ये व्यवस्थाएं आवश्यकता के अनुसार लागू की जाएंगी, ताकि परीक्षार्थियों को बिना परेशानी अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और वापसी की सुविधा मिल सके।

