फरीदाबाद में हरियाणा पुलिस से रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर के घर पर फायरिंग करने वाले दो बदमाशों को AVTS सिकरोना की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। वर्ष 2025 में हुए झगड़े का वीडियो सोशल मीडिया पर डालने को लेकर चल रही रंजिश के तहत फायरिंग की गई थी। पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। सारन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब जानिए क्या है पूरा मामला हरियाणा पुलिस रिटायर्ड SI सरजीत बैंसला परिवार के साथ नगला एनक्लेव पार्ट-2 में रहते हैं। बुधवार की रात को करीब 2 बजे दो युवक हाथों में हथियार लेकर उनके घर के नीचे पहुंचे और घर पर फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक बदमाशों के द्वारा तीन राउंड गोलियां चलाई गई। जिसमें से एक गोली दीवार, दूसरी शीशा और तीसरी हवा में फायर की गई। गोलीबारी की ये घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सोशल मीडिया पर वीडियो डालने को लेकर विवाद पुलिस की जांच में सामने आया है कि ये पूरा मामला सोशल मीडिया पर वीडियों बनाकर डालने को लेकर था। साल 2025 में आरोपी रंजित उर्फ चिन्ना का किसी से झगड़ा हो गाय था। रिटायर्ड SI सरजीत बैंसला के बेटे सचिन ने उस झगड़े का वीडियों बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया था। रंजित ने वीडियो हटाने के लिए कहा, लेकिन सचिन ने वीडियो डिलीट नहीं किया गया। इसी बात को लेकर वह रंजिश रखने लगा था। 6 महीने पहले जेल से आया पुलिस के मुताबिक आरोपी हर्ष उर्फ भूरा (22) , रंजित उर्फ चिन्ना (19) दोनों आपस में दोस्त है और दोनों ही उत्तम नगर पार्ट-2, नंगला गाजीपुर के रहने वाले है। रंजित उर्फ चिन्ना कक्षा 12वीं का छात्र है और 6 महीने पहले ही जेल से आया था। जबकि दूसरा आरोपी हर्ष उर्फ भूरा एक निजी कंपनी में काम करता है। पुलिस कर रही मामले की जांच एसीपी क्राइम अमन यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि,पुलिस दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड लेगी। दोनों आरोपियों से रिमांड पर लेकर हथियारों के बारे में जानकारी ली जाएगी। जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी हर्ष उर्फ भूरा और रंजित उर्फ चिन्ना के खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

