झारखंड के 21 साल के बाएं हाथ के ओपनर शिखर मोहन को इंडिया A टीम में शामिल किया गया है। वे न्यूजीलैंड A के खिलाफ चार दिवसीय सीरीज के दूसरे और तीसरे मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। मोहन ने मौजूदा रणजी ट्रॉफी में लगातार दो मैचों में शतक लगाए हैं। इसी प्रदर्शन के बाद उन्हें न्यूजीलैंड दौरे के लिए चुना गया है। पहला मैच कल से न्यूजीलैंड A और इंडिया A के बीच सीरीज का पहला मैच शनिवार से लिंकन में शुरू होगा। इसके बाद दूसरा मैच 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक क्राइस्टचर्च और तीसरा 7 से 10 नवंबर तक फिर लिंकन में खेला जाएगा। ये तीनों मैच भारत की न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज की तैयारी का हिस्सा हैं। भारत को पांच टी-20 और पांच वनडे के बाद न्यूजीलैंड में दो टेस्ट खेलने हैं। इंडिया A टीम में केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन, वॉशिंगटन सुंदर और आकाश दीप शामिल हैं। रणजी ट्रॉफी में लगातार शतक केरल के खिलाफ पहले रणजी मैच में मोहन ने 196 गेंदों पर 143 रन बनाए। उनकी पारी में 18 चौके और दो छक्के शामिल थे। झारखंड ने इस मैच में पहली पारी की बढ़त के आधार पर तीन अंक हासिल किए। महाराष्ट्र के खिलाफ दूसरे मैच में झारखंड पहली पारी में 358 रन से पिछड़ गया था। टीम पर बड़ी हार का खतरा था। मोहन ने दूसरी पारी में दबाव के बीच 127 रन बनाए। उनकी पारी से झारखंड हार से बच गया और टीम को एक अंक मिला। 12 मैचों में 1,109 रन मोहन ने पिछले साल फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक खेले 12 मैचों में 1,109 रन बनाए हैं। उनका बल्लेबाजी औसत 61.61 है। 19 नवंबर से शुरू होगा पहला टेस्ट भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होगा। दूसरा टेस्ट 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। इंडिया A टीम यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, आर स्मरण, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (कप्तान और विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, औकीब नबी, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी, बी साई सुदर्शन, यश राठौड़, मुकेश कुमार, ऋषभ पंत (फिटनेस पर निर्भर) और शिखर मोहन (दूसरे और तीसरे मैच के लिए)।
झारखंड के शिखर मोहन इंडिया-A टीम में शामिल:न्यूजीलैंड A के खिलाफ दूसरे-तीसरे चार दिवसीय मैच में खेलेंगे, रणजी में लगातार दो शतक लगाए

