पार्षदों की ‘कमाई बांटने’ वाली शपथ पर स्पष्टीकरण:शाहजहांपुर में बोले- जन्मदिन पार्टी में मजाक में ली थी, वीडियो AI से एडिट किया

पार्षदों की ‘कमाई बांटने’ वाली शपथ पर स्पष्टीकरण:शाहजहांपुर में बोले- जन्मदिन पार्टी में मजाक में ली थी, वीडियो AI से एडिट किया

शाहजहांपुर में नगर निगम की कथित कमाई को आपस में बराबर बांटने की शपथ लेते पार्षदों का वीडियो वायरल होने के मामले में संबंधित पार्षदों ने महापौर अर्चना वर्मा को अपना स्पष्टीकरण सौंप दिया है। पार्षदों ने अपने जवाब में कहा है कि वीडियो में दिखाई दे रही शपथ एक पार्षद की जन्मदिन पार्टी के दौरान मजाक में ली गई थी। उनका दावा है कि वीडियो को बाद में एआई की मदद से एडिट कर गलत तरीके से पेश किया गया। सूत्रों के अनुसार, पार्षदों ने अपने जवाब में बताया है कि वे शहर के एक होटल में आयोजित जन्मदिन पार्टी में शामिल हुए थे। वहां 15वें वित्त आयोग से मिलने वाली धनराशि से होने वाले विकास कार्यों को सभी वार्डों में समान रूप से बांटने की बात चल रही थी। पार्षदों का कहना है कि इसी दौरान एक पार्षद ने वीडियो बना लिया। बाद में इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। उन्होंने दावा किया कि वीडियो को एआई से एडिट कर उसका संदर्भ बदल दिया गया और उसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया। वीडियो में पानी हाथ में लेकर ‘कमाई बांटने’ की शपथ 25 अगस्त को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कई पार्षद एक होटल में नजर आ रहे थे। वीडियो में पार्षद हाथ में पानी लेकर नगर निगम से होने वाली कथित कमाई को सभी पार्षदों में बराबर बांटने की शपथ लेते दिखाई दे रहे थे। वीडियो में शपथ तोड़ने वाले के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने की बात भी सामने आई थी। वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया था। महापौर और महानगर अध्यक्ष ने जारी किए थे नोटिस वीडियो सामने आने के बाद भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता और महापौर अर्चना वर्मा ने संबंधित पार्षदों को नोटिस जारी किया था। उनसे तीन दिन के भीतर पूरे मामले पर स्पष्टीकरण मांगा गया था। पार्षदों ने अपने जवाब बंद लिफाफे में महापौर और भाजपा महानगर अध्यक्ष को सौंप दिए हैं। अब इन जवाबों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। कोर कमेटी लेगी आगे का फैसला महापौर अर्चना वर्मा ने बताया कि सभी संबंधित पार्षदों के स्पष्टीकरण उन्हें मिल गए हैं। उन्होंने कहा कि पार्षदों के जवाब भाजपा की कोर कमेटी के सामने रखे जाएंगे। कोर कमेटी के पदाधिकारी जो निर्णय लेंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता से स्पष्टीकरण मिलने के संबंध में फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *