अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में छात्रसंघ चुनाव की सरगर्मियों के बीच सोमवार शाम देश की चुनावी व्यवस्था और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ छात्रों ने मोर्चा खोल दिया। छात्र नेता गर्व उपाध्याय की अगुवाई में छात्रों ने पैदल मार्च निकालकर निर्वाचन आयोग के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। छात्रों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त से इस्तीफे की मांग करते हुए चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाए। सोमवार शाम करीब 4:30 बजे मौलाना आजाद लाइब्रेरी से शुरू हुआ मार्च बाबे सैयद गेट तक पहुंचा। इस दौरान छात्रों ने वोट चोर गद्दी छोड़ समेत कई नारे लगाए। छात्रों ने निर्वाचन आयोग के कामकाज पर सवाल उठाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। छात्रों का कहना था कि देशभर में चुनावी प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में मुख्य निर्वाचन आयुक्त को अपने पद पर बने रहने के बजाय इस्तीफा दे देना चाहिए। छात्रों ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रही आपत्तियों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए। छात्रसंघ चुनाव के बीच अलग राजनीतिक संदेश एएमयू में इन दिनों छात्रसंघ चुनाव को लेकर प्रचार और शक्ति प्रदर्शन का दौर चल रहा है। इसी बीच विश्वविद्यालय परिसर में देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ निकला यह मार्च चर्चा का विषय बन गया। छात्रसंघ चुनाव की गहमागहमी के बीच छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर चुनावी प्रक्रिया को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।

