कानपुर में बादल छाने के बाद बारिश की संभावना:पांच दिन तक छाए रहेंगे बादल, इस सीजन में 39 प्रतिशत ज्यादा बारिश

कानपुर में बादल छाने के बाद बारिश की संभावना:पांच दिन तक छाए रहेंगे बादल, इस सीजन में 39 प्रतिशत ज्यादा बारिश

कानपुर में रविवार को सुबह से आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार दिन में बादल छाए रहने के साथ छिटपुट गरज-चमक और बारिश हो सकती है। शाम या रात के समय हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने की संभावना अधिक रहेगी। इस सीजन में एक जून से 29 अगस्त तक 677 मिमी बारिश हुई है जो कि सामान्य से 39 प्रतिशत ज्यादा है। सामान्य तौर पर 486.7 मिमी बारिश होनी चाहिए। पांच दिनों तक बादल छाए रहेंगे सीएसए के मौसम विभाग के अनुसार मानसून की सक्रियता के चलते अगले पांच दिनों तक शहर में मध्यम से घने बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान स्थानीय स्तर पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, जब भी धूप निकलेगी, हवा में अधिक नमी के कारण उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। सामान्य से अधिक रहा तापमान शनिवार को भी शहर में मौसम का मिजाज कई बार बदला। सुबह बादल छाने के बाद बारिश हुई। दोपहर में धूप निकलने से गर्मी और उमस बढ़ गई। देर शाम फिर बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। 20 मिमी बारिश दर्ज की गई। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हो सकती डॉ. प्रवीण कटियार ने बताया कि लगातार बारिश, धूप निकलने पर बढ़ती उमस और वातावरण में नमी के कारण इस मौसम में स्वास्थ्य संबंधी कई परेशानियां बढ़ सकती हैं। उमस के कारण पसीना अधिक निकलने से बेचैनी और घबराहट भी हो सकती है। बारिश के बाद बढ़ी नमी से फंगल इंफेक्शन, खुजली और त्वचा संबंधी समस्याएं बढ़ने का खतरा रहता है। मच्छरों की संख्या बढ़ने से डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का जोखिम भी बढ़ सकता है। दूषित पानी और खुले में रखे खाद्य पदार्थों के सेवन से दस्त, उल्टी, पेट दर्द और फूड पॉइजनिंग की समस्या हो सकती है। इसलिए बारिश में नहाने से बचें, खुला रखा भोजन न करें, तला भुना व मसालेदार खाने से परहेज करें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *