मुरैना शहर में अनाज व्यापारी की दुकान से नकदी से भरा बैग चोरी करने के मामले में स्टेशन रोड थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बैग में करीब साढ़े तीन लाख रुपए रखे थे। आरोपी दुकान के काउंटर के नीचे रखा बैग चोरी कर ले गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों से पूछताछ के बाद उसे जौरा से पकड़ा। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया बैग, 3 लाख 27 हजार रुपए नकद और खाते की किताबें बरामद की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग, जौरा से पकड़ा आरोपी फरियादी की शिकायत पर स्टेशन रोड थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 317/26 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही संदिग्धों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को राजू खान पुत्र ईशाक खान निवासी इस्लामपुरा, जौरा के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने उसे जौरा की पुरानी कचहरी के पास से पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। 3.27 लाख रुपए और बैग बरामद एसपी धर्मराज मीना के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया बैग, उसमें रखे 3 लाख 27 हजार रुपए नकद और खाते की किताबें बरामद की गई हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बाकी 23 हजार रुपए उसने खर्च कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी राजू खान के खिलाफ पहले से भी अलग-अलग थानों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

