पंचायत चुनाव के दूसरे प्रशिक्षण में बिना सूचना गैरहाजिर रहने पर तीन कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय गोदारा ने आदेश जारी किए हैं। करौली में पंचायतीराज चुनाव-2026 के तीसरे चरण के मतदान के लिए नियुक्त कर्मचारियों का दूसरा प्रशिक्षण 2 नवंबर को राजकीय महाविद्यालय में हुआ था। सभी संबंधित कर्मचारियों को इसमें शामिल होने के निर्देश दिए गए थे। हिंडौन के कृषि पर्यवेक्षक अमर सिंह मीना और सतीश कुमार, साथ ही राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कानरदा महाराजपुरा के शिक्षक रामलखन बैरवा प्रशिक्षण में बिना पूर्व सूचना या अनुमति के गैरहाजिर रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, निर्वाचन संबंधी निर्देशों की अनदेखी और प्रशिक्षण से गैरहाजिरी के चलते राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 13 के तहत तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन के दौरान तीनों कर्मचारियों का मुख्यालय जिला नियंत्रण कक्ष, कलक्ट्रेट करौली रहेगा। उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

