मंडला। बम्हनी बंजर उप तहसील दफ्तर में गुरुवार को लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई कर नायब तहसीलदार के निजी कर्मचारी को 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। यह कार्रवाई ग्राम सिलगी निवासी रोहणी चंद्रोल की शिकायत पर की गई। लोकायुक्त इंस्पेक्टर जीतेंद्र यादव ने बताया कि शिकायतकर्ता के पिता जनकलाल के नाम पर खेती की जमीन थी। उन्होंने वसीयत से यह जमीन शिकायतकर्ता के बेटे आलोक के नाम कर दी थी। जमीन के नामांतरण के लिए रोहणी चंद्रोल बम्हनी बंजर उप तहसील दफ्तर पहुंचे थे। आरोप है कि नामांतरण के बदले नायब तहसीलदार अजय श्रीवास्तव और हरीश सिंगोर रिश्वत मांग रहे थे। जबलपुर लोकायुक्त से की थी शिकायत शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत जबलपुर के लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक से की। शिकायत की जांच के बाद गुरुवार को लोकायुक्त टीम बम्हनी बंजर पहुंची और हरीश सिंगोर को 8 हजार रुपए लेते हुए पकड़ लिया। इंस्पेक्टर यादव ने बताया कि हरीश सिंगोर नायब तहसीलदार का निजी कर्मचारी है। इस मामले में नायब तहसीलदार अजय श्रीवास्तव और हरीश सिंगोर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

