जोधपुर नगर निगम के मेयर पद के चुनाव को लेकर भाजपा के प्रसन्नचंद मेहता और कांग्रेस के राजेंद्र सोलंकी में सीधी टक्कर है। मेयर पद के लिए किसी भी निर्दलीय प्रत्याशी की ओर से नामांकन नहीं किया गया था। आज नाम वापसी का आखिरी दिन था। इधर, नगर निगम के नए मेयर को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी है। निगम के सभागार में बने मेयर की कुर्सी का रंग बदला गया है। इसके साथ ही नया कारपेट भी बिछाया गया है। एक दिन पहले दोनों दलों की ओर से लगाया गया था ऑब्जेक्शन इससे पहले सोमवार को भाजपा-कांग्रेस दोनों की ओर से एक-दूसरे के प्रत्याशियों के नामांकन को लेकर ऑब्जेक्शन लगाया गया था। भाजपा की ओर से ऑब्जेक्शन था कि कांग्रेस से मेयर पद के प्रत्याशी राजेंद्र सोलंकी की ओर से नामांकन में मुकदमों और कोर्ट की ओर से जारी प्रसंज्ञान आदेशों के तथ्यों को छुपाया गया। ऐसे में इनका नामांकन खारिज किया जाए। वहीं कांग्रेस की ओर से प्रसन्नचंद मेहता के नामांकन को लेकर ये ऑब्जेक्शन लगाया गया था कि उन्होंने चल संपत्ति में अपनी मूल्यवान चीजों की डिटेल और बाकी चीजों को छिपाया है। इसे लेकर करीब 6 घंटे तक पूरा घटनाक्रम चला। इसके बाद रिटर्निंग अधिकारी की ओर से दोनों के ऑब्जेक्शन को खारिज कर दिया गया था। सुबह 10 बजे से शुरू होगी वोटिंग रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि मेयर पद के चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस की ओर से एक-एक नॉमिनेशन आया था। अब 25 सितंबर को चुनाव होगा। इसके लिए नगर निगम में ही वोटिंग होगी। मतदान सुबह 10 बजे शुरू हो जाएगा, जो करीब 2 बजे तक चलेगा। इधर, नए मेयर को लेकर भी नगर निगम में तैयारियां शुरू हो चुकी है। जहां कुर्सी पर पहले ग्रे रंग का कपड़ा था, उसे बदल कर लाल रंग का किया गया है। वहीं कारपेट पर भी लाल रंग का नया कारपेट बिछाया गया।

