दिल्ली लीग के फिक्सिंग आरोपों का IPL कनेक्शन:CSK के 5 मैचों की प्लेइंग-XI लीक करने का दावा; पूर्व खिलाड़ी का दावा-3 करोड़ रुपए

दिल्ली लीग के फिक्सिंग आरोपों का IPL कनेक्शन:CSK के 5 मैचों की प्लेइंग-XI लीक करने का दावा; पूर्व खिलाड़ी का दावा-3 करोड़ रुपए

दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) में प्लेइंग-XI लीक और स्पॉट-फिक्सिंग के आरोपों के बीच मामला IPL तक पहुंच गया है। तहलका के स्टिंग में पूर्व रणजी खिलाड़ी रचित भाटिया ने दावा किया कि उसने 2025 IPL में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पांच मैचों के प्लेइंग-XI की जानकारी टॉस से पहले बुकीज तक पहुंचाई थी। इसके बदले उसे हर मैच के लिए 60 लाख रुपए मिले और पांच मैचों से करीब 3 करोड़ रुपए कमाए। CSK की प्लेइंग-XI से जुड़ा क्या दावा है? तहलका की रिपोर्ट के मुताबिक, भाटिया ने कहा कि उसे CSK की अंतिम प्लेइंग-XI की जानकारी टीम से जुड़े एक खिलाड़ी से टॉस से पहले मिलती थी। वह जानकारी स्नैपचैट के जरिए लंदन में मौजूद बुकीज तक पहुंचाने का दावा करता है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि अंदरूनी जानकारी को सीधे खिलाड़ियों के नाम से साझा करने के बजाय कथित तौर पर कोड और इमोजी का इस्तेमाल किया जाता था। DPL में भी वही तरीका अपनाने का दावा भाटिया ने बाद में DPL के लिए भी इसी तरह की व्यवस्था की बात कही। पहले उसने पुरानी दिल्ली 6 की प्लेइंग-XI उपलब्ध कराने की बात कही थी, लेकिन DPL 2026 शुरू होने के बाद उसने सेंट्रल दिल्ली किंग्स की टीम की जानकारी देने का दावा किया। 3 अगस्त के सेंट्रल दिल्ली बनाम नॉर्थ दिल्ली मुकाबले में स्टिंग के जरिए प्लेइंग-XI पहले उपलब्ध कराने का उदाहरण भी रिपोर्ट में दिखाया गया। IPL से DPL तक कैसे जुड़ रहा है मामला? IPL में टीम की अंदरूनी जानकारी हासिल करने वाला कथित नेटवर्क बाद में DPL में भी इस्तेमाल किया जाना था। भाटिया ने IPL के लिए 60 लाख रुपए प्रति मैच और DPL की जानकारी के लिए अलग रकम की बात की थी। तहलका की रिपोर्ट के अनुसार, DPL में उसने पहले 40 लाख रुपए की मांग की थी, लेकिन बाद में सौदा 3 लाख रुपए में तय होने का दावा किया गया। वंश बेदी का नाम क्यों आया? IPL कनेक्शन में वंश बेदी का नाम अलग वजह से चर्चा में आया है। बेदी 2025 में CSK के स्क्वॉड का हिस्सा थे और 2026 DPL में सेंट्रल दिल्ली किंग्स के लिए खेले। हालांकि, रिपोर्ट में उन्हें कथित सूचना-स्रोत के तौर पर नामित नहीं किया गया है। दूसरी ओर, DDCA के मुताबिक बेदी ने खुद DPL के दौरान एक कथित फिक्सिंग अप्रोच की शिकायत एंटी करप्शन विंग को की थी। इसलिए फिलहाल उन्हें स्टिंग में बताए गए सूचना-स्रोत से जोड़ना तथ्यात्मक रूप से सही नहीं होगा। दिल्ली प्रीमियर लीग क्या है? दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) की टी-20 फ्रेंचाइजी लीग है। टूर्नामेंट में दिल्ली की अलग-अलग फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेती हैं और मुकाबले टी-20 फॉर्मेट में खेले जाते हैं। DPL का तीसरा सीजन 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक खेला गया। इसमें आठ टीमें शामिल थीं। फाइनल में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने सेंट्रल दिल्ली किंग्स को हराकर खिताब जीता। 2013 में श्रीसंत का नाम आया था 2013 के IPL स्पॉट-फिक्सिंग कांड के बाद BCCI ने एंटी करप्शन सिस्टम (ACU) को और सख्त किया। खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को या बुकी के संपर्क की जानकारी तुरंत ACU को देना जरूरी है। जांच के दौरान फोन, इंटरनेट और दूसरे डिजिटल रिकॉर्ड भी खंगाले जा सकते हैं, जबकि दोष साबित होने पर अपराध की गंभीरता के अनुसार कई साल से लेकर आजीवन प्रतिबंध तक की सजा हो सकती है। 2013 मामले में एस. श्रीसंत, अंकित चव्हाण, अजीत चंडिला, सिद्धार्थ त्रिवेदी, अमित सिंह समेत कई खिलाड़ियों पर कार्रवाई हुई, जबकि बाद के मामलों में हिकेन शाह पर 5 साल का प्रतिबंध लगाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *