छतरपुर में महंत से मारपीट, बदमाशों ने हवाई फायरिंग की:मंदिर की संपत्ति को लेकर विवाद, पूर्व पुजारी समेत 4 लोगों पर केस दर्ज

छतरपुर में महंत से मारपीट, बदमाशों ने हवाई फायरिंग की:मंदिर की संपत्ति को लेकर विवाद, पूर्व पुजारी समेत 4 लोगों पर केस दर्ज

महाराजपुर थाना क्षेत्र के चरणपादुका आश्रम में देर रात महंत रामचरण दास के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महंत ने चार लोगों पर आश्रम पहुंचकर गाली-गलौज और मारपीट करने के साथ हवाई फायरिंग करने का आरोप लगाया है। मामला मंदिर की संपत्ति से जुड़े विवाद का बताया गया है। महंत रामचरण दास के मुताबिक, पूर्व पुजारी सुरेश मिश्रा और ब्रजेश रिछारिया समेत चार लोग रात में आश्रम पहुंचे थे। चारों ने मंदिर की संपत्ति को लेकर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसी दौरान कट्टे से हवाई फायरिंग भी की गई। चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज महाराजपुर थाना पुलिस घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची। टीआई डीके सिंह ने बताया कि महंत रामचरण दास की शिकायत पर ब्रजेश रिछारिया, सुरेश मिश्रा समेत चार लोगों के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायत में हवाई फायरिंग का आरोप भी लगाया गया है। घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। घायल महंत का इलाज जारी घटना में घायल महंत रामचरण दास का इलाज चल रहा है। आश्रम के संरक्षक महंत भगवानदास शृंगारी ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल पुलिस मारपीट, फायरिंग और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *