जालौन में बुधवार शाम झांसी से उरई आ रही रोडवेज बस में छह यात्री बिना टिकट मिले। चेकिंग टीम ने कार्रवाई शुरू की तो परिचालक ने यातायात निरीक्षक और सेवा प्रबंधक के साथ अभद्रता और मारपीट कर दी। आरोप है कि परिचालक ने सहायक यातायात निरीक्षक की शर्ट पर लगा बॉडी वार्न कैमरा भी छीन लिया और धान के खेत में पानी के अंदर फेंक दिया। पुलिस को काफी तलाश के बाद भी कैमरा नहीं मिला। सेवा प्रबंधक की तहरीर पर कोतवाली एट पुलिस ने परिचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 28 यात्रियों वाली बस में 6 बिना टिकट मिले एट थाना प्रभारी शिवशंकर सिंह के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 5:30 बजे यूपी रोडवेज के झांसी क्षेत्र में तैनात सेवा प्रबंधक संतोष कुमार कर्मचारियों के साथ पिरौना के पास बसों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उरई डिपो की बस झांसी से उरई की ओर आती दिखाई दी। पिरौना चौकी से करीब 500 मीटर दूर बस को रोककर चेकिंग की गई। बस में कुल 28 यात्री सवार थे। जांच में छह यात्री बिना टिकट मिले। हस्ताक्षर को लेकर हुआ विवाद चेकिंग टीम ने बिना टिकट मिले यात्रियों का विवरण ईटीआईएम मशीन में दर्ज किया और मार्गपत्र पर भी टिप्पणी अंकित की। इसके बाद परिचालक विकास कुमार से टिप्पणी के नीचे हस्ताक्षर करने के लिए कहा गया। आरोप है कि परिचालक ने हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिचालक और चेकिंग टीम के बीच विवाद हो गया। बॉडी कैमरा छीनकर खेत में फेंकने का आरोप आरोप है कि परिचालक ने सहायक यातायात निरीक्षक मो. हामिद की शर्ट पर लगा बॉडी वार्न कैमरा झपटकर छीन लिया। इसके बाद उसने मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे यातायात निरीक्षक से भी मारपीट का आरोप है। इस दौरान बस चालक चंद्रशेखर ने बीच-बचाव किया। इसके बाद परिचालक कैमरा लेकर धान के खेत में चला गया और उसे पानी भरे खेत में फेंक दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कैमरे की तलाश कराई, लेकिन पानी भरा होने के कारण वह बरामद नहीं हो सका। जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप सेवा प्रबंधक की तहरीर में परिचालक पर चेकिंग टीम को जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। तहरीर में यह भी कहा गया है कि बिना टिकट मिले छह यात्रियों से परिचालक पहले ही किराये की रकम वसूल चुका था। परिचालक के खिलाफ केस दर्ज सेवा प्रबंधक संतोष कुमार की तहरीर पर कोतवाली एट में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना एसआई बृजेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

