मेरठ में कॉलेज में लूटपाट, चौकीदार को छत से फेंका:गंभीर घायल चौकीदार का अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी

मेरठ में कॉलेज में लूटपाट, चौकीदार को छत से फेंका:गंभीर घायल चौकीदार का अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी

मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र के चंदसारा गांव में सम्राट अशोक इंटर कॉलेज में हथियारबंद बदमाशों ने रात में धावा बोला। बदमाशों ने कॉलेज के ताले तोड़कर अंदर घुसने के बाद लूटपाट की कोशिश की। विरोध करने पर उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद चौकीदार हरीशरण के साथ मारपीट की और उसे छत से नीचे फेंक दिया। इस घटना में चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गया। कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अनुराग रस्तोगी ने बताया कि 22 सितंबर की रात कुछ बदमाश कॉलेज परिसर में घुस गए थे। उन्होंने पहले ताले तोड़े और सामान खंगालना शुरू किया। इसी दौरान चौकीदार हरीशरण ने उन्हें रोकने की कोशिश की। आरोप है कि बदमाशों ने उसे पकड़कर पीटा और बंधक बना लिया। इसके बाद आरोपियों ने कॉलेज परिसर में खूब तोड़फोड़ की। उन्होंने फर्नीचर समेत कई सामान तोड़ दिए। बदमाश चौकीदार को छत पर ले गए और वहां से नीचे फेंक दिया। फिर आरोपी कॉलेज से कुछ कीमती सामान लेकर भाग गए। होश में आने पर चौकीदार हरीशरण ने प्रधानाचार्य को पूरी घटना बताई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। लोहियानगर पुलिस कॉलेज पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। प्रधानाचार्य की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। घायल चौकीदार का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *