गोंडा के नवाबगंज थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय प्रिंस शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने अब हत्या के एंगल से जांच शुरू कर दी है। रामापुर गांव निवासी प्रिंस की 13 अगस्त की सुबह करीब 3 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। घटना के बाद नवाबगंज पुलिस इसे सड़क हादसा मानकर जांच कर रही थी। अब घटना के आठ दिन बाद शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे पुलिस टीम गांव पहुंची और हत्या के आरोपों को लेकर जांच शुरू की। परिजनों ने विकास पाठक और कुलदीप पाठक पर प्रिंस की हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। परिवार का कहना था कि प्रिंस की मौत सामान्य हादसा नहीं है। बुधवार को परिजनों ने एसपी विनीत जायसवाल और डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। इसके बाद गुरुवार देर शाम एडिशनल एसपी पश्चिमी राधेश्याम राय और तरबगंज सीओ यूपी सिंह भी प्रिंस के घर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। अब पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए प्रिंस के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालनी शुरू कर दी है। घर से घटनास्थल तक लगे 20 से अधिक CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी देखी जा रही है। जिन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया गया है, उनकी कॉल डिटेल भी जांची जा रही है। नवाबगंज पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर डॉक्टर से राय ली जा रही है और आरोपियों के परिजनों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। 13 अगस्त को सुबह 3 बजे हुई थी प्रिंस की मौत रामापुर गांव निवासी 18 वर्षीय प्रिंस शर्मा की 13 अगस्त की सुबह करीब 3 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने इसे दुर्घटना मानकर जांच शुरू की थी। परिवार की ओर से हत्या की आशंका जताते हुए विकास पाठक और कुलदीप पाठक के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। हालांकि, शुरुआती आठ दिनों में पुलिस की जांच मुख्य रूप से हादसे के एंगल पर ही रही। SP-DIG से मिले परिजन, फिर बदली जांच की दिशा प्रिंस के परिजनों ने बुधवार को एसपी विनीत जायसवाल और डीआईजी अशोक कुमार शुक्ला से मुलाकात की। परिवार ने अधिकारियों के सामने हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की दोबारा गंभीरता से जांच कराने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग रखी। इसके बाद गुरुवार देर शाम एडिशनल एसपी पश्चिमी राधेश्याम राय और तरबगंज सीओ यूपी सिंह ने भी प्रिंस के घर पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। 20 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे नवाबगंज पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की। पुलिस टीम प्रिंस के गांव पहुंची और कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। पुलिस अब प्रिंस के घर से घटनास्थल तक लगे 20 से अधिक CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। इसके अलावा प्रिंस के मोबाइल की कॉल डिटेल भी निकाली जा रही है। जिन लोगों पर हत्या का आरोप है, उनकी कॉल डिटेल भी जांच में शामिल की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर डॉक्टर से राय, जल्द खुलासे का दावा नवाबगंज थाना प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि प्रिंस के मोबाइल की कॉल डिटेल और आसपास के CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। आरोपियों से जुड़े लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है और कुछ लोगों से पूछताछ की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर डॉक्टर से राय ली जा रही है। जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनके परिजनों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही पूरी घटना का खुलासा किया जाएगा। परिवार बोला- हत्या का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए प्रिंस के परिजन अब उसकी मौत की वजह का जल्द खुलासा चाहते हैं। परिवार का आरोप है कि प्रिंस की मौत हादसा नहीं, बल्कि हत्या है। परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है। अब CCTV फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जांच से यह स्पष्ट करने की कोशिश की जा रही है कि प्रिंस की मौत हादसा थी या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश थी।

