कर्नाटक MLC Election: बेंगलुरु शिक्षक सीट पर JDS की जीत, भाजपा ने उत्तर-पूर्व सीट पर जमाया कब्जा

कर्नाटक MLC Election: बेंगलुरु शिक्षक सीट पर JDS की जीत, भाजपा ने उत्तर-पूर्व सीट पर जमाया कब्जा

कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस को झटका देते हुए जद(एस) ने मंगलवार को बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर जीत दर्ज की। अधिकारियों ने बताया कि जद (एस) की गठबंधन सहयोगी भाजपा ने विधान परिषद की एक सीट पर जीत दर्ज की और चुनाव वाली दो अन्य सीट पर आगे है। जानकारी के अनुसार, भाजपा ने उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जीत दर्ज की, जबकि दक्षिण-पूर्व स्नातक और पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में वह आगे है।

इन दोनों सीट पर मतगणना जारी है। विधान परिषद की इन चारों सीट पर 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा समर्थित जद(एस) उम्मीदवार ए. पी. रंगनाथ ने दोबारा चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के मौजूदा विधान परिषद सदस्य पुट्टन्ना को 908 मतों के अंतर से हराया।

रंगनाथ को 10,810 वोट मिले, जबकि पुट्टन्ना को 9,902 वोट प्राप्त हुए। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के मौजूदा विधान परिषद सदस्य शशिल जी. नामोशी ने कांग्रेस उम्मीदवार शरणप्पा मत्तूर को हरा दिया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस निर्वाचन क्षेत्र से यह उनकी पांचवीं जीत है।

इस क्षेत्र में कलबुर्गी और कल्याण कर्नाटक क्षेत्र के पड़ोसी जिले आते हैं। कलबुर्गी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का गृह क्षेत्र है। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण-पूर्व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार के. एम. सुरेश, कांग्रेस उम्मीदवार शशि हुलिकुंटे मठ से आगे हैं।

वहीं, पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के मौजूदा विधान परिषद सदस्य एस. वी. संकनूर, कांग्रेस के मोहन लिम्बिकाई से आगे हैं। इस मुकाबले को भाजपा और जद(एस) के बीच समन्वय के साथ-साथ शिक्षकों और स्नातकों के बीच कांग्रेस के जनाधार की परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *