तीन लाख में भर्ती, एक में मेडिकल कराने वाला दबोचा:मिलिट्री इंटेलिजेंस को मिले इनपुट के बाद एसपी सिटी ने लगाई एसओजी, पूछताछ जारी

तीन लाख में भर्ती, एक में मेडिकल कराने वाला दबोचा:मिलिट्री इंटेलिजेंस को मिले इनपुट के बाद एसपी सिटी ने लगाई एसओजी, पूछताछ जारी

सेना में भर्ती और मेडिकल टेस्ट में पास कराने का झांसा देकर युवाओं से ठगी करने वाले आरोपी को मिलिट्री इंटेलिजेंस के इनपुट पर एसपी सिटी की एसओजी ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमरोहा के गांव सेहदोली निवासी मदपाल के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने तीन युवकों को सेना में भर्ती कराने का भरोसा देकर उनके मूल दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए और दो युवकों से एडवांस रकम भी वसूल ली। पुलिस ने तीनों युवकों के मूल दस्तावेज बरामद कर उन्हें वापस करा दिए हैं। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले में एक महिला की भूमिका भी सामने आने की बात कही जा रही है, जिसके पास ठगी की रकम होने का संदेह है। पुलिस के मुताबिक, करीब एक महीने पहले सेना भर्ती प्रक्रिया शुरू होने पर मदपाल मेरठ पहुंचा था। उसने भर्ती स्थल के आसपास युवाओं से संपर्क कर उन्हें सेना में भर्ती कराने का दावा किया। उसने युवकों को भरोसा दिलाया कि तीन लाख रुपये में भर्ती प्रक्रिया में पास करा देगा जबकि मेडिकल टेस्ट में सफलता दिलाने के लिए एक लाख रुपये देने होंगे। विश्वास जीतने के लिए उसने युवकों से उनके मूल दस्तावेज भी मांगे। तीन युवकों को बनाया निशाना
आरोपी के झांसे में अमरोहा के दो युवक समेत तीन लोग आ गए। एक युवक से 2.80 लाख रुपये में सौदा तय हुआ, जिसमें उसने एक लाख रुपये एडवांस दे दिए। दूसरे युवक से 80 हजार रुपये एडवांस लेने के साथ उसके मूल दस्तावेज भी ले लिए गए। तीसरे युवक से तीन लाख रुपये में सौदा तय हुआ लेकिन उसने रकम देने के बजाय अपने दस्तावेज आरोपी को सौंप दिए। भर्ती का परिणाम आने के बाद युवकों को ठगी का एहसास हुआ। मिलिट्री इंटेलिजेंस के इनपुट पर कार्रवाई
मामले की शिकायत मिलिट्री इंटेलिजेंस से की गई। लिखित शिकायत मिलने के बाद मिलिट्री इंटेलिजेंस ने आरोपी की तलाश शुरू की और एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले से संपर्क किया। एसपी सिटी ने सिटी एसओजी को भी आरोपी की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी। कई दिन की तलाश के बाद मंगलवार को टीम ने मदपाल को गिरफ्तार कर लिया और उसे मेरठ ले आई। महिला की भूमिका की भी जांच
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से युवकों के मूल दस्तावेज बरामद कर उन्हें वापस करा दिए हैं। बताया जा रहा है कि इस मामले में एक महिला भी शामिल हो सकती है। आरोप है कि तीनों युवकों से वसूली गई रकम उसके पास है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर ठगी की कुल रकम, महिला की भूमिका और इस गिरोह के अन्य संभावित शिकारों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस आज मामले का विस्तृत खुलासा कर सकती है। चकमा देकर हो गया फरार
मिलिट्री इंटेलिजेंस कई दिन से उसकी रेकी कर रही थी। सोमवार को टीम पुलिस के साथ आरोपी के गांव और फिर घर तक पहुंच गई लेकिन उससे पहले ही किसी ने उसे सूचना दे दी। घर से महज 50 मीटर की दूरी से वह भाग निकला और टीम को मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि क्या यह पहले भी किसी को अपना शिकार बना चुका है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *