कानपुर के ‘द स्पोर्ट्स हब’ (TSH) में चल रही नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में देश भर के उम्दा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। इसी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे लखनऊ के 12 वर्षीय पैडलर लक्ष्य ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। लक्ष्य का चयन इंग्लैंड में होने वाली ‘वर्ल्ड होप्स टेबल टेनिस चैंपियनशिप’ के लिए हुआ है, जहां वे एशिया टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। मां के न होने के बावजूद पिता और परिवार के अटूट सपोर्ट के बल पर आगे बढ़ रहे लक्ष्य की नजरें अब देश के लिए ओलंपिक गोल्ड जीतने पर हैं। इस खास उपलब्धि पर दैनिक भास्कर ने लक्ष्य से खास बातचीत की। पढ़िए बातचीत के प्रमुख अंश… सवाल: एशिया टीम में आपका सिलेक्शन हुआ है, इंग्लैंड में होने वाले इस टूर्नामेंट को लेकर क्या तैयारी है?
जवाब: मेरा सिलेक्शन इंग्लैंड में होने वाली ‘वर्ल्ड होप्स टेबल टेनिस चैंपियनशिप’ के लिए हुआ है। इसमें मैं पूरे एशिया की टीम को रिप्रजेंट करूंगा। यह मेरे लिए बहुत बड़ा मौका है और मैं इसके लिए पूरी जी-जान से मेहनत कर रहा हूं। सवाल: कानपुर में चल रही नेशनल रैंकिंग चैंपियनशिप में आपने कौन-कौन से इवेंट्स में हिस्सा लिया?
जवाब: यहां TSH में मैंने 4 इवेंट्स में पार्टिसिपेट किया है। अंडर-13 में प्री-क्वार्टर फाइनल तक पहुंचा, अंडर-15 में राउंड ऑफ 16 और अंडर-17 में राउंड ऑफ 64 तक का सफर तय किया। वहीं अंडर-19 वर्ग के मुकाबले अभी चल रहे हैं। सवाल: टेबल टेनिस खेलने की शुरुआत कब और कैसे हुई? खेल में निखार कैसे आया?
जवाब: मैंने साल 2019 से टेबल टेनिस खेलना शुरू किया था। शुरुआत से ही मुझे कोच का बेहतरीन गाइडेंस मिला कि खेल को कैसे सुधारना है। इसके साथ ही घर पर भी लगातार प्रैक्टिस की। अभी मुझे कोच पराग अग्रवाल सर ट्रेनिंग दे रहे हैं, जो मेरे गेम को लगातार बेहतर बनाने में मदद कर रहे हैं।

