बिजनौर में बंद मकान में महिला का शव बरामद:बेटे ने पिता पर हत्या का केस कराया, पोस्टमार्टम में सिर पर चोट से मौत

बिजनौर में बंद मकान में महिला का शव बरामद:बेटे ने पिता पर हत्या का केस कराया, पोस्टमार्टम में सिर पर चोट से मौत

बिजनौर के मंडावली थाना क्षेत्र के मिर्जापुर सैद उर्फ नयागांव में बंद मकान के अंदर महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका के बेटे आसिफ ने अपने पिता अहमद हसन पर मां की हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद से अहमद हसन फरार है। मृतका की पहचान शहनाज परवीन के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह उनका शव बंद मकान के अंदर मिला। बताया गया कि आसिफ श्रीनगर से गांव पहुंचा था। मकान पर ताला लगा देखकर उसने ताला खोला। अंदर मां का शव पड़ा मिला। आसिफ ने घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मंडावली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम में सिर और कान के नीचे चोट की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शहनाज की मौत सिर और कान के नीचे लगी गंभीर चोट के कारण होने की पुष्टि हुई है। इसके बाद पुलिस ने हत्या के मामले में अहमद हसन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या किस परिस्थिति में और किस वजह से हुई। जमीन के मामले में गांव आए थे पति-पत्नी जानकारी के अनुसार, शहनाज और अहमद हसन अपने बच्चों के साथ उत्तराखंड के श्रीनगर में रहते थे। दोनों पिछले मंगलवार को जमीन से जुड़े मामले में बातचीत के लिए गांव आए थे। इसके बाद शहनाज की हत्या हो गई। मृतका के छह बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटे और तीन बेटियां हैं। तीनों बेटे श्रीनगर में सैलून चलाते हैं। बेटे ने कहा- माता-पिता में आए दिन होता था विवाद बड़े बेटे आसिफ ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। आसिफ का आरोप है कि उसके पिता पहले भी कई बार उसकी मां को जान से मारने की कोशिश कर चुके थे। इसी पारिवारिक विवाद को पुलिस जांच का एक अहम पहलू मान रही है। फिलहाल आरोपी पति की गिरफ्तारी के बाद ही घटना की पूरी वजह और हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *