आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में महिलाओं को सरकारी योजनाओं और आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर आभूषण व नकदी ठगने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। घायल आरोपी को पहले सीएचसी कोयलसा ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर कर दिया गया।
आरोपी की पहचान मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बेला कलेशपुर उर्फ किशुनपुर निवासी साहब राम (43) पुत्र स्व. मुसाफिर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पीली धातु के कान के टॉप्स, मोती की माला में लगा लॉकेट, 1,350 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
एक अक्टूबर को कप्तानगंज बाजार और पांच अक्टूबर को कौड़िया बाजार में महिलाओं को सरकारी योजनाओं एवं आवास दिलाने का झांसा देकर ठगी की घटनाएं हुई थीं। इस संबंध में कप्तानगंज थाने में मुकदमा संख्या 310/2026 और 311/2026 दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। मामले में सामने आई महिला आरोपी नीरज उर्फ गुड्डी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस टीम पर फायरिंग करने का आरोप
इस बारे में क्षेत्राधिकारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि जब थाने की टीम के साथ नहर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ठगी की घटनाओं में शामिल साहब राम मोटरसाइकिल से गोपालगंज की तरफ से आने वाला है। पुलिस ने जब आरोपी को रोकने का प्रयास किया तो आरोपी भागने लगा। अपने को घिरता देखते हुए आरोपी ने पुलिस पर फायर कर दिया पुलिस द्वारा की गई कंट्रोल फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी है। बहन के साथ मिलकर ठगी करने की बात कबूली
पुलिस की पूछताछ के अनुसार, आरोपी ने अपनी बहन नीरज उर्फ गुड्डी के साथ मिलकर महिलाओं को सरकारी योजनाओं और आवास का लाभ दिलाने का झांसा देकर ठगी करने की बात बताई। आरोपी के मुताबिक, दोनों कभी बाजार में महिलाओं को अपने झांसे में लेते थे तो कभी उनके घर जाकर खुद को रिश्तेदार बताकर विश्वास हासिल करते थे। आरोपी ने बताया कि ठगी से मिले कुछ आभूषण उसने एक अज्ञात फेरी वाले को सात हजार रुपये में बेच दिए थे। उसके पास से बरामद 1,350 रुपये को भी उसने आभूषणों की बिक्री से मिली रकम बताया। बरामद लॉकेट और कान के टॉप्स को भी पुलिस ने संबंधित घटनाओं से जुड़ा बताया है। आजमगढ़ और गाजीपुर में नौ मुकदमे दर्ज
पुलिस के मुताबिक, साहब राम के खिलाफ आजमगढ़ और गाजीपुर जनपद में पहले से नौ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें देवगांव, कोतवाली, मेहनाजपुर और रानी की सराय थानों में दर्ज मामले शामिल हैं। इसके अलावा गाजीपुर के खानपुर थाने में आबकारी अधिनियम के तहत भी एक मुकदमा दर्ज है।

