यूपी के फतेहपुर में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘मिशन शक्ति’ के छठे संस्करण (वर्जन 6.0) का विधिवत शुभारंभ सोमवार के दिन 12 बजकर 25 मिनट पर कलेक्ट्रेट परिसर से किया गया।जागरूकता रैली का डीएम निधि गुप्ता वत्स में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिसमें पुलिसकर्मियों, महिलाओं और स्कूल-कॉलेज की बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जागरूकता रैली कलेक्ट्रेट परिसर से होकर पत्थर कटा,बिंदकी बस स्टैंड होते हुए जिला अस्पताल चौराहे से होकर वापस पटेल नगर चोराहा पर समापन हुआ। वही डीएम निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि इस अभियान और मार्च का मुख्य उद्देश्य समाज में एक सशक्त संदेश देना है। जिस प्रकार महिलाओं और बेटियों में अपार शक्ति और क्षमता होती है, उसी प्रकार उन्हें अपनी सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना अत्यंत आवश्यक है। इस अभियान के दौरान सरकार द्वारा महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा डीएम ने बताया कि नवरात्र और इस पूरे अभियान अवधि के दौरान जन-जागरूकता के लिए विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। इसमें नुक्कड़ सभाएं, गोष्ठियां,पम्फलेट वितरण और स्कूटी रैली जैसे कई आयोजन शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा कि ‘शक्ति’ महिला ऊर्जा और नारी शक्ति का प्रतीक है। महिलाओं और बालिकाओं के प्रति संवेदनशील इस अभियान का अंतिम लक्ष्य यही है कि समाज का प्रत्येक वर्ग महिलाओं और बालिकाओं के प्रति संवेदनशील बने तथा उन्हें आगे बढ़ाने और सशक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाए।इस मौके पर एडीएम विनय पांडेय,एएसपी ज्ञान प्रकाश राय सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।

