Tanisha Mukherjee Reactions: दिल्ली में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच एक्ट्रेस तनीषा मुखर्जी का बयान सोशल मीडिया पर चर्चा में है। सरकार का समर्थन करने वालों को ‘अंधभक्त’ कहे जाने पर सवाल उठाते हुए तनीषा ने उन लोगों की आलोचना की, जिन्हें वह भारत के बजाय लंदन और अमेरिका जैसे देशों का समर्थन करते हुए देखती हैं। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ यूजर्स ने एक्ट्रेस की तारीफ की, तो कई लोगों ने उन्हें विशेषाधिकार प्राप्त बताते हुए निशाना साधा।
तनीषा के बयान पर यूजर्स ने क्या कहा?
तनीषा मुखर्जी ने कहा कि अगर कुछ लोगों को लंदन और अमेरिका से इतना ही प्यार है, तो उन्हें वहां चले जाना चाहिए। उन्होंने राजनीतिक विचारों को लेकर दोहरे मापदंडों पर भी सवाल उठाए। उनके मुताबिक, सरकार का समर्थन करने वालों को ‘अंधभक्त’ कहा जाता है, जबकि अमेरिका और जर्मनी जैसे देशों से जुड़े समूहों का समर्थन करने वालों को ‘कूल’ और ‘वोक’ समझा जाता है।
एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि किसी देश में समस्याएं होने का मतलब यह नहीं है कि बदलाव तुरंत हो सकता है। उनके बयान को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
‘जा, पहली फ्लाइट पकड़कर’, यूजर्स ने तनीषा को घेरा
तनीषा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने उनकी तारीफ की। यूजर ने लिखा कि सार्वजनिक हस्तियों की नैतिक जिम्मेदारी होती है, क्योंकि लोग उन्हें आंख बंद करके फॉलो करते हैं। यूजर ने तनीषा की बात का समर्थन करते हुए उनकी सराहना भी की।
हालांकि, कई यूजर्स ने एक्ट्रेस के बयान पर नाराजगी जताई। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, ‘अगर लोग अमेरिका और लंदन जा सकते, तो वे पहली फ्लाइट पकड़ लेते, लेकिन तू अभी जा पहली फ्लाइट पकड़के’ वहीं, एक अन्य यूजर ने उन्हें ‘प्रिविलेज्ड’ बताते हुए उनकी बात पर सवाल उठाया। एक यूजर ने उनके बयान को राजनीति में जगह बनाने की कोशिश से जोड़ते हुए लिखा कि कोई राजनीति में नौकरी पाने के लिए बेताब है।
वहीं, एक दूसरे यूजर ने तंज कसते हुए कहा कि जब फिल्मों की स्क्रिप्ट नहीं मिल रही, तो कहीं और से स्क्रिप्ट मिल गई। कुछ अन्य यूजर्स ने भी तनीषा के विशेषाधिकार प्राप्त होने को लेकर टिप्पणी की।
बयान को लेकर सोशल मीडिया पर बंटी राय
तनीषा मुखर्जी के बयान पर सोशल मीडिया यूजर्स दो अलग-अलग राय में बंटे नजर आए। जहां कुछ लोगों ने उनकी बात को देश और सार्वजनिक जीवन के प्रति जिम्मेदारी से जोड़कर देखा, वहीं दूसरे यूजर्स ने उनके बयान को आम लोगों की परिस्थितियों से दूर बताया। फिलहाल, तनीषा के बयान पर तारीफ और आलोचना, दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।



(@MeghUpdates)
(@SheetalPronamo)