नोएडा में करीब 12 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। इनमें सेक्टर-16 स्थित APJ स्कूल, स्टेप बाय स्टेप स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) गौतमबुद्ध नगर शामिल हैं। धमकी के बाद कुछ स्कूलों ने बच्चों को घर भेजना शुरू कर दिया है। वहीं, स्कूल परिसरों में सुरक्षा जांच की जा रही है। सूचना मिलने के बाद बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें संबंधित स्कूलों में पहुंच गई हैं। अधिकारी स्कूल परिसरों की जांच कर रहे हैं। धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है। पहले भी मिल चुकी हैं बम से उड़ाने की धमकियां दिल्ली-NCR के स्कूलों को पहले भी बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। सितंबर में दिल्ली के कम से कम 6 स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले थे। इनमें मध्य दिल्ली के 4 स्कूल शामिल थे। चाणक्यपुरी स्थित संस्कृति स्कूल, द ब्रिटिश स्कूल और नेवी चिल्ड्रन स्कूल समेत अन्य संस्थानों को सुबह करीब 9:30 बजे ईमेल मिले थे। इसके बाद पुलिस और अन्य एजेंसियों ने सुरक्षा जांच शुरू की थी। जनवरी में नोएडा के 20 स्कूलों को मिली थी धमकी जनवरी में नोएडा के करीब 20 निजी स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले थे। इसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और फायर सर्विस की टीमों ने स्कूल परिसरों की जांच की थी। कुछ संस्थानों में सघन तलाशी ली गई थी, जबकि पुलिस की साइबर टीम ने ईमेल की तकनीकी जांच शुरू की थी।

