युवक की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत:बिजली के जर्जर तार नीचे लटक रहे थे, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

युवक की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत:बिजली के जर्जर तार नीचे लटक रहे थे, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

देवरिया जिले के भलुअनी थाना क्षेत्र के टेकुआ गांव में सोमवार देर शामसात बजे एक युवक की 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। मृतक की पहचान खुर्शिद (35) पुत्र इब्राहिम निवासी टेकुआ के रूप में हुई है। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, खुर्शिद सोमवार शाम करीब सात बजे बाजार से घर लौट रहा था। इसी दौरान वह अचानक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। परिजन युवक को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई जगह बिजली के तार जर्जर और नीचे लटक रहे हैं, जिससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जर्जर तारों को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है। सूचना मिलने पर भलुअनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *