हिंदूवादी संगठन ने युवकों को मुर्गा बनाया:नाबालिग लड़की के साथ घूमने पर पुलिस ने हिरासत में लिया

हिंदूवादी संगठन ने युवकों को मुर्गा बनाया:नाबालिग लड़की के साथ घूमने पर पुलिस ने हिरासत में लिया

शाहजहांपुर में एक हिंदूवादी संगठन ने शहीद उद्यान पार्क में एक नाबालिग लड़की के साथ घूम रहे दो युवकों को पकड़ा। संगठन के सदस्यों ने युवकों को ‘मुर्गा’ बनाया और उनसे नाबालिग के पैर छुआए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। यह घटना सोमवार शाम करीब पांच बजे की है। हिंदू युवा संगठन उत्तर प्रदेश (अ) के जिला कार्यकारिणी सदस्य संजय कुमार को सूचना मिली थी कि शहीद उद्यान पार्क में गैर समुदाय के दो युवक एक हिंदू किशोरी के साथ संदिग्ध अवस्था में बैठे हैं। संजय कुमार ने तुरंत इसकी जानकारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश मिश्र और प्रदेश संरक्षक राजेश अवस्थी एडवोकेट को दी। सूचना मिलते ही प्रदेश संरक्षक राजेश अवस्थी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और किशोरी के साथ बैठे दोनों युवकों को पकड़ लिया। संगठन के सदस्यों ने युवकों से पूछताछ की। राजेश अवस्थी एडवोकेट ने दोनों युवकों से कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई। उन्होंने युवकों से किशोरी के पैर छुआए और यह कसम खिलवाई कि वे हिंदू लड़कियों को अपनी बहन मानेंगे और उन पर कभी गलत नजर नहीं रखेंगे। घटना की सूचना पुलिस और किशोरी के परिजनों को भी दी गई। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को अपने साथ थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ शुरू की गई। नाबालिग के परिजनों को भी थाने बुलाया गया और किशोरी को उनके सुपुर्द कर दिया गया। सदर थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *