‘तुम काले हो, तुम्हारे साथ जाने में शर्म आती है’, ग्वालियर में पति के रंग को लेकर ताने मारती है ‘सुंदर’ पत्नी

‘तुम काले हो, तुम्हारे साथ जाने में शर्म आती है’, ग्वालियर में पति के रंग को लेकर ताने मारती है ‘सुंदर’ पत्नी

Gwalior Domestic Dispute: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में जनसुनवाई के दौरान एक अजीब मामला सामने आया है। एसपी ऑफिस में हुई जनसुनवाई के दौरान एक पति ने पत्नी पर प्रताड़ित करने और ताने मारने की शिकायत की। पीड़ित पति का कहना है कि उसकी पत्नी को अपने गोरे रंग पर इतना गुमान है कि वो अपने पति के सांवले रंग को लेकर उसे ताने मारती है। पति का आरोप है कि पत्नी कहती है कि तुम काले हो मुझे तुम्हारे साथ कहीं पर जाने में शर्मिंदगी महसूस होती है। इतना ही नहीं पत्नी काला कहकर ताने मारती है, मारपीट करती है। पति के साथ ही उसकी मां को भी प्रताड़ित करती है और धमकी देती है कि झूठे मामले में जेल पहुंचा देगी। मंगलवार को एसपी और कलेक्टर कार्यालय में हुई जनसुनवाई में सैकड़ों फरियादियों की शिकायतों का निराकरण किया गया।

काले रंग को लेकर ताने मारती है पत्नी

ग्वालियर के रहने वाले कमल किशोर ने अपनी मां के साथ एसपी ऑफिस में जनसुनवाई के दौरान न्याय की गुहार लगाई। कमल किशोर ने बताया कि उसकी पत्नी लतेश माहौर उसे व उसकी मां को प्रताड़ित करती है और झूठे केस में फंसाने की धमकी देती है। कमल के मुताबिक उसकी पत्नी गोरी है जबकि उसका रंग सांवला है और इसी बात को लेकर पत्नी उसे काला होने के ताने मारती है, समाज में नीचा दिखाती है। कहती है कि तुम काले हो और तुम्हारे साथ कहीं पर भी जाने में मुझे शर्मिंदगी महसूस होती है।

आईफोन-एसी की करती है डिमांड

फरियादी कमल किशोर के मुताबिक उसकी तीन साल पहले शादी हुई है। उस वक्त वो मुंबई में नौकरी करता था, पत्नी की जिद में नौकरी छोड़कर घर लौट आया। अभी बेरोजगार है और नया काम तलाश रहा है। पत्नी ये भी नहीं समझती कि वो अभी बेरोजगार है और उसकी डिमांड पूरी नहीं कर सकता। वो आईफोन और एसी की डिमांड करती है। माता-पिता को भी साथ में नहीं रखना चाहती और कहती है कि अपने माता-पिता को घर से निकाल दो। वहीं कमल किशोर की मां ने बताया कि बहू खुद को मारती है और उन्हें फंसाने की धमकी देती है। घर का राशन फेंक देती है, दो मोबाइल फेंक कर तोड़ चुकी है और आइफोन मांगती है। इतना महंगा फोन दिलाने की हमारी हैसियत नहीं है।

पुलिस ने जांच शुरू की

पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित पति की फरियाद सुनने के बाद तुरंत मामले पर संज्ञान लेते हुए संबंधित थाना पुलिस को जांच के निर्देश दिए हैं। सबूत के तौर पर पत्नी की प्रताड़ना के जो वीडियो पति ने दिए हैं पुलिस उनकी भी जांच की बात कह रही है। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों का ये भी कहना है कि परिवार की काउंसलिंग कराकर विवाद को सुलझाने की कोशिश की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *