Woman gives birth at railway station: जमुई रेलवे स्टेशन पर लखीसराय जा रही एक गर्भवती महिला को अचानक पेट में तेज दर्द शुरू हो गया। अस्पताल जाने का समय न देख प्लेटफॉर्म पर मौजूद महिला यात्रियों ने साड़ियों और चादरों का घेरा बनाकर सुरक्षित डिलीवरी कराई।
Woman gives birth at railway station: बिहार के जमुई रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर बुधवार को ट्रेन का इंतजार कर रही एक गर्भवती महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। दर्द इतना था कि उसके पास अस्पताल पहुंचने का भी वक्त नहीं बचा था। ऐसे में स्टेशन के प्लेटफॉर्म को ही पलक झपकते ही प्रसव कक्ष बना दिया गया। प्लेटफॉर्म पर मौजूद आम यात्री, रेलकर्मी और पुलिस जवानों की सूझबूझ से महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है और मां-नवजात दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।
ट्रेन का कर रही थी इंतजार, शुरू हो गया दर्द
जानकारी के अनुसार, शेखपुरा जिले के बहुआरा गांव के रहने वाले विक्की कुमार अपनी गर्भवती पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जमुई रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। पूरा परिवार लखीसराय जिले के मननपुर जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहा था। जब सभी लोग प्लेटफॉर्म पर खड़े थे, तभी काजल को अचानक पेट में तेज दर्द होने लगा। कुछ ही पलों में, दर्द से बेहाल होकर महिला प्लेटफॉर्म पर ही बैठ गई। काजल की बिगड़ती हालत देखकर उसके पति और रिश्तेदार घबरा गए। कुछ समय के लिए स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया, क्योंकि हर कोई इस दुविधा में था कि इतनी जल्दी अस्पताल कैसे पहुंचा जाए।
महिला यात्रियों ने कराई डिलीवरी
जैसे-जैसे स्थिति बिगड़ी और एम्बुलेंस बुलाने या उसे अस्पताल ले जाने का बिल्कुल भी समय नहीं बचा, प्लेटफॉर्म पर मौजूद अन्य महिला यात्रियों ने बिना एक पल भी बर्बाद किए तुरंत मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने साड़ियां और चादरें इकट्ठा करके एक बड़ा सुरक्षा घेरा बनाया, ताकि महिला को सुरक्षित जगह मिल सके जिसकी उसे जरूरत थी।
महिला यात्रियों की देखरेख में डिलीवरी की प्रक्रिया वहीं प्लेटफॉर्म पर ही शुरू कराई गई। कुछ ही मिनटों की सूझबूझ और कड़ी मेहनत के बाद काजल ने एक सुंदर और स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। जिस पल नवजात शिशु की पहली किलकारी प्लेटफॉर्म पर गूंजी, वहां मौजूद परिजनों की आंखों से आंसू छलक पड़े।
RPF और GRP ने बुलाई मेडिकल टीम
सूचना मिलते ही, जमुई स्टेशन पर तैनात RPF के जवान सुनील कुमार रोशन और रंजीत प्रसाद GRP की महिला अधिकारियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा घेरे के आसपास जमा भीड़ को संभाला और तुरंत मलयपुर स्वास्थ्य केंद्र को एक इमरजेंसी वायरलेस मैसेज भेजा। कुछ ही देर में डॉ. रेखा कुमारी, GNM संध्या कुमारी और ANM प्रमिला कुमारी की एक मेडिकल टीम एम्बुलेंस से जमुई रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंच गई।
मेडिकल टीम ने वहीं प्लेटफॉर्म पर मन और नवजात शिशु की जांच की और नाल काटने की प्रक्रिया पूरी की। डॉक्टरों ने बताया कि महिलाओं की सूझबूझ से सही समय पर और सुरक्षित प्रसव होने के कारण मां और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ और खतरे से बाहर हैं।
मां और बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया
स्टेशन पर जरूरी प्राथमिक उपचार और दवाएं देने के बाद जमुई रेलवे पुलिस और स्वास्थ्य कर्मियों की मदद से मां और नवजात शिशु को आगे की देखभाल और मेडिकल निगरानी के लिए एम्बुलेंस से मलयपुर के उप-स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां दोनों को डॉक्टरों की देखरेख में एक वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत पूरी तरह स्थिर बनी हुई है।


