डूंगरपुर के धंबोला थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े स्नेचिंग की एक वारदात हुई है। धंबोला गांव में मंदिर से घर लौट रही महिला के गले से बाइक सवार दो बदमाश सोने की चेन तोड़कर फरार हो गए। पीड़िता की पहचान निर्मला देवी (52), पत्नी गट्टू लाल दर्जी के रूप में हुई है। वे मंदिर में दर्शन कर वापस अपने घर लौट रही थीं, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनके गले पर झपट्टा मारा और डेढ़ तोले की सोने की चेन छीनकर भाग गए। अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गईं और उन्होंने शोर मचाया, लेकिन बदमाश तब तक मौके से फरार हो चुके थे। घटना की सूचना तुरंत धंबोला थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने जिले भर में नाकेबंदी करवाई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस फिलहाल बदमाशों की तलाश में जुटी है।


