प्रतापगढ़ जिला अस्पताल में लगभग 17 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शनिवार को शुभारंभ कर दिया गया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निदेशक (जन स्वास्थ्य) के निर्देश पर जिला प्रभारी डॉ. राकेश कुमार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा और पीएमओ डॉ. आलोक यादव ने अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान क्रिटिकल केयर वार्ड में गुर्दा रोगियों के लिए आधुनिक हीमोडायलिसिस प्री-केयर यूनिट शुरू की गई। साथ ही, कैंसर डे-केयर सेंटर की सेवाओं का भी शुभारंभ किया गया। सीएमएचओ डॉ. जीवराज मीणा ने बताया- ये क्रिटिकल केयर वार्ड सरकार की योजना के तहत बनाया गया है और इसका उद्घाटन जनप्रतिनिधियों द्वारा पहले ही किया जा चुका है। सेवाओं का विस्तार करते हुए पैलेटिव केयर यूनिट भी शुरू की गई है। इसके अलावा, क्रिटिकल केयर वार्ड में पांच बेड का इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) भी प्रारंभ किया जा रहा है। जिला प्रभारी डॉ. राकेश कुमार ने निरीक्षण के दौरान वार्ड में व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने, मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों से उपचार शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया- क्रिटिकल केयर ब्लॉक पूरी तरह से तैयार है और इसमें सभी आवश्यक आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध हैं। आने वाले समय में अन्य विशेषज्ञ सेवाएं भी चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएंगी। ये सुविधा गंभीर कैंसर, किडनी और हृदय रोगों से ग्रसित मरीजों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। उन्हें एक ही छत के नीचे सुपर स्पेशलिटी उपचार की सभी सुविधाएं मिल सकेंगी। निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएमएचओ डॉ. विनोद कुमार, आरसीएचओ डॉ. जगदीप खराड़ी और पीएमओ कार्यालय का स्टाफ भी उपस्थित रहा।


