उत्तर प्रदेश के Hamirpur में रविवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों समेत चार की मौत हो गई। हादसा मौदहा कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-34 पर छिरका गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार वैगनआर कार सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और अंदर की सीटें तक उखड़ गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक सभी लोग Bageshwar Dham में दर्शन करने के बाद कानपुर लौट रहे थे। कार में कुल पांच लोग सवार थे। मृतकों की पहचान नरेंद्र (55), राजकपूर (57), उनकी पत्नी मीना (54) और ड्राइवर आयुष चौहान (25) के रूप में हुई है। नरेंद्र की पत्नी रेखा (52) गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें कानपुर रेफर किया गया है। परिवार कानपुर के नवाबगंज क्षेत्र स्थित जागेश्वर मंदिर के पास का रहने वाला बताया गया है, जबकि ड्राइवर आयुष लखनऊ का निवासी था।
ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब वैगनआर कार ओवरटेक कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटा थी। टक्कर के बाद कार के एयरबैग भी खुल गए, लेकिन हादसे की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि उसमें सवार लोग कार के अंदर ही फंस गए।
टीआई ने बताया- रॉन्ग साइड से आई थी कार
परिवहन निगम के टीआई सतेंद्र सिंह उस समय हाईवे पर बसों की चेकिंग कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वैगनआर महोबा की तरफ से रॉन्ग साइड पर आ रही थी और सीधे ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और काफी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला।
क्या बोले थाना प्रभारी
थाना प्रभारी ने बताया कि एन0एच0-34 पर मार्ग दुर्घटना की सूचना पर थाना मौदहा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा घायलों को उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा 04 व्यक्तियों को मृत घोषित किया गया। एक घायल महिला को बेहतर उपचार हेतु जिला चिकित्सालय हमीरपुर रेफर किया गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को पुलिस कब्जे में ले लिया गया है। मौके पर यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित है तथा प्रकरण में अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।


