जैसलमेर: लाठी क्षेत्र के सांवता गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दो दिन से लापता एक व्यक्ति के कपड़े और चप्पल गांव के पास स्थित एक गहरे कुएं की मुंडेर पर मिले। घटना के बाद व्यक्ति के कुएं में गिरने या डूबने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना पाकर सांगड़ थाना पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस के अनुसार, सांवता निवासी बागाराम (55) पुत्र टीकूराम गर्ग पिछले दो दिनों से रहस्यमयी तरीके से घर से लापता थे। परिजन और ग्रामीण अपने स्तर पर उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल रहा था।
सोमवार शाम को ग्रामीणों ने गांव के बाहर स्थित एक कुएं की मुंडेर पर बागाराम के चप्पल और कपड़े व्यवस्थित रूप से रखे देखे। इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई।

बचाव कार्य में गहराई और गैस बनी बाधा
सांगड़ थाना प्रभारी राजेश विश्नोई ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा। प्रथम दृष्टया स्थिति को देखकर बुजुर्ग के कुएं में होने का प्रबल अंदेशा है। जिला मुख्यालय से सिविल डिफेंस की टीम को तुरंत मौके पर बुलाया गया।
लेकिन कुएं की अत्यधिक गहराई (लगभग 200 फीट) और भीतर जहरीली गैस होने की संभावना के कारण स्थानीय टीम रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम नहीं दे सकी। सुरक्षा कारणों और संसाधनों की कमी के चलते फिलहाल जोधपुर से SDRF की विशेष टीम को सूचित किया गया है।
मौके पर भारी भीड़, प्रशासन मुस्तैद
हादसे की खबर फैलते ही कुएं के पास बड़ी संख्या में ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थिति को देखते हुए सांगड़ पुलिस और देवीकोट चौकी का भारी जाब्ता मौके पर तैनात किया गया है। प्रशासन ने ग्रामीणों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है।


