कासगंज में ट्रेन की चपेट में आने से घायल हुए एक रेलकर्मी की अलीगढ़ में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना कोतवाली कासगंज क्षेत्र के रेलवे मालगोदाम के पास हुई थी। मृतक रेलकर्मी स्टेशन अधीक्षक कार्यालय में पॉइंट मैन के पद पर तैनात था।
मृतक की पहचान मनोज पाल के रूप में हुई है, जो कासगंज स्टेशन पर पॉइंट मैन के तौर पर कार्यरत थे। बताया गया है कि मनोज किसी काम से मालगोदाम होते हुए अमापुर रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कासगंज की तरफ आ रही एक पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से उनके दोनों पैर कट गए थे। हादसे के बाद पुलिस और अन्य रेलकर्मियों ने घायल मनोज पाल को एम्बुलेंस से अलीगढ़ भेजा था, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। रेलकर्मी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


