मां ने शादी से इनकार किया तो ‘हैवान’ बना सनकी आशिक, फिरोजाबाद में मासूम की बेरहमी से की हत्या, 34 सेकंड का सीसीटीवी वीडियो देख सभी रह गए दंग

मां ने शादी से इनकार किया तो ‘हैवान’ बना सनकी आशिक, फिरोजाबाद में मासूम की बेरहमी से की हत्या, 34 सेकंड का सीसीटीवी वीडियो देख सभी रह गए दंग

UP Crime News: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से एक देिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी में एक सिरफिरे युवक ने अपनी रिश्ते की भाभी रती से शादी करने की जिद पूरी न होने पर उसके डेढ़ साल के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने बच्चे को सुनसान सड़क पर पटक-पटककर मौत के घाट उतार दिया। यह खौफनाक वारदात वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने आरोपी को गोली लगने के बाद मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया है।

मददगार बनकर आया और बन गया जल्लाद

अरांव के बामई गांव की रहने वाली रती देवी की शादी पिछले साल बदायूं के सुमित कुमार से हुई थी। पति से अनबन के चलते रती पिछले पांच महीने से अपने मायके में रह रही थी। इसी दौरान रती के पति का फुफेरा भाई विराज उर्फ जितेंद्र पाठक रती के परिवार के करीब आ गया। विराज ने पहले पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में मदद का भरोसा दिया। आरोपी विराज के दिमाग में यह सनक सवार थी कि रती अपने बेटे आरव की वजह से उससे शादी नहीं कर रही है। उसे यह भी शक था कि बच्चे की खातिर भविष्य में रती और उसका पति फिर से एक हो सकते हैं। जिसके चलते उसने रती के सामने शादी का प्रस्ताव रख दिया जब रती ने उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया तो आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

टॉफी दिलाने के बहाने मासूम को ले गया बाहर

शनिवार को रती अपनी मां पिंकी देवी के साथ पति पर केस दर्ज कराने के सिलसिले में कानूनी राय लेने के लिए शिकोहाबाद के एक अधिवक्ता के पास गई थीं। अधिवक्ता से मिलने का समय शाम का होने के कारण वे यादव कॉलोनी में अपनी मां की सहेली के घर रुक गईं। इसी दौरान हत्यारोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक रती की मां से फोन पर लोकेशन लेकर वहां पहुंच गया। उसने रती पर पति को तलाक देकर खुद से शादी करने का भारी दबाव बनाया। जब मां बेटी ने उसके इस प्रस्ताव से साफ इनकार कर दिया तो आरोपी विराज डेढ़ साल के मासूम आरव को टॉफी दिलाने के बहाने घर से बाहर ले गया।

34 सेकंड का वीडियो देख हर कोई रह गया दंग

दोपहर करीब ढाई बजे आरोपी ने घर से 50 मीटर दूर एक सुनसान सड़क पर मासूम को बेरहमी से आठ बार जमीन पर पटक-पटकर महज 34 सेकंड में मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद वह मासूम का शव घर के गेट पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। काफी देर तक जब बच्चा वापस नहीं आया तो रती गेट की तरफ गई जहां मासूम का शव पड़ा था। शोर मचने पर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। सीसीटीवी फुटेज में सिरफिरा युवक मासूम को हवा में उछालकर सड़क पर पटकता हुआ नजर आ रहा है। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले मंजर को देखकर मौके पर मौजूद लोगों की चीख निकल गई।

पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में लगी गोली

मासूम की नानी की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मामले की एफआईआर दर्ज की। एसएसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल से सारे साक्ष्य जुटा लिए गए हैं। पुलिस ने हत्यारोपी विराज, निवासी शेखूपुर बदायूं को रात साढ़े आठ बजे भुड़ा भरतरा रोड पर हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया है। आरोपी द्वारा की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस ने गोलियां चलाईं जिससे आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि इस जघन्य अपराध के दोषी विराज को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *