‘मोदी की गारंटी’ का क्या हुआ? आतिशी का BJP पर हमला; बोलीं- दिल्ली की महिलाओं को 25 पैसे तक नहीं मिले

‘मोदी की गारंटी’ का क्या हुआ? आतिशी का BJP पर हमला; बोलीं- दिल्ली की महिलाओं को 25 पैसे तक नहीं मिले

Delhi BJP Women 2500 Promise: दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) को उनके चुनावी वादे पर घेरा। आतिशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली चुनाव से पहले महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने का जो वादा किया था, वह पूरी तरह झूठा साबित हुआ है।

‘8 मार्च 2026 भी बीत गया, पर पैसे नहीं आए’

आतिशी ने याद दिलाया कि जनवरी 2025 में दिल्ली चुनाव के दौरान पीएम मोदी ने गारंटी दी थी कि 8 मार्च 2025 (महिला दिवस) से दिल्ली की हर महिला के खाते में 2500 रुपये आएंगे। आतिशी ने तंज कसते हुए कहा, “मोदी जी, अब तो 8 मार्च 2026 भी बीत चुका है, लेकिन दिल्ली की महिलाओं के बैंक खातों में 25 पैसे तक नहीं पहुँचे। यह कैसी गारंटी है?”

सीएम रेखा गुप्ता पर साधा निशाना

आतिशी ने अपने हमले को और धार देते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की कार्यशैली पर कड़े सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री इस समय अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों को निभाने के बजाय पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में व्यस्त हैं और वहां की महिलाओं को भी इसी तरह के सुनहरे सपने दिखा रही हैं। आतिशी ने आरोप लगाया कि जिस तरह दिल्ली की माताओं-बहनों को 2500 रुपये का लालच देकर उनके वोट हासिल किए गए और बाद में उन्हें अधर में छोड़ दिया गया, ठीक वही ‘धोखे का फॉर्मूला’ अब बंगाल में आजमाया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री को घेरते हुए कहा कि सत्ता के नशे में डूबी भाजपा सरकार यह भूल गई है कि दिल्ली की महिलाएं आज भी अपने हक के उन रुपयों का इंतजार कर रही हैं। आतिशी ने चुनौती भरे लहजे में पूछा कि जब राजधानी की महिलाएं आज भी यह सवाल पूछ रही हैं कि उनकी ‘गारंटी’ वाले पैसे बैंक खातों में कब आएंगे, तो मुख्यमंत्री किस नैतिक आधार पर दूसरे राज्यों में जाकर नए वादे कर रही हैं? यह न केवल दिल्ली की महिलाओं के साथ विश्वासघात है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों का भी अपमान है।

सुविधाएं छीनने का आरोप

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अतिथी ने सिर्फ पैसों की कटौती ही नहीं, बल्कि अन्य सुविधाओं में कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में कई मोहल्ला क्लीनिक बंद कर दिए गए हैं, जिससे महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। इसके अलावा बसों में मुफ्त यात्रा जैसी परिवहन सुविधाओं में बदलाव कर महिलाओं की मुश्किलें बढ़ाई गई हैं। आतिशी ने कहा कि बीजेपी ने दिल्ली की महिलाओं को परेशान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है और झूठे वादों के जरिए सत्ता में आने के बाद अब जनता के प्रति अपनी जवाबदेही से बच रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *