Commercial LPG सिलेंडर में 42% की उछाल के बाद देशभर के होटल संचालक क्या कह रहे? क्या बढ़ेंगे खाने के दाम

Commercial LPG सिलेंडर में 42% की उछाल के बाद देशभर के होटल संचालक क्या कह रहे? क्या बढ़ेंगे खाने के दाम

1 मई 2026 को कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में 42 फीसदी की बढ़ोतरी ने देशभर के होटल, ढाबे, चाय की थड़ी, ठेले, पीजी और रेस्टोरेंट संचालकों की कमर तोड़ दी है। तीन महीनों में 1,303 रुपये की कुल बढ़त के बाद दिल्ली में 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3,071 रुपये को पार कर गई है। कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में इजाफे के बाद से ही देशभर के रेस्टोरेट और होटल संचालक अब खाद्य वस्तुओं को और महंगा करने की चेतावनी दे रहे है। कीमत में बढ़ोतरी के बाद जो बड़ी समस्या सामने आ रही है वह यह है कि इन कारोबारियों को समय पर सिलेंडर भी नहीं मिल पा रहा है।

देशभर में हुई कमर्शियल सिलेंडर यूजर्स को परेशानी

हैदराबाद के PG और हॉस्टल संचालक इस बढ़ोतरी से सबसे ज्यादा बेहाल हैं। सांई दुर्गा पेइंग गेस्ट अकोमोडेशन के सुरेश बताते हैं कि 70 से 80 फीसदी PG संचालक अब लकड़ी के चूल्हे पर निर्भर हो चुके हैं। पहले रोज के डेढ़ से दो सिलेंडर लगते थे, लेकिन अब एक सिलेंडर से पूरे हफ्ते काम चलाना पड़ता है। अब LPG से केवल डोसा या रोटी जैसी चीजें बनाई जाती है।

हैदराबाद के गच्चीबोवली में महिला PG चलाने वाली कल्याणी की मुश्किलें और भी गहरी हैं। उन्होंने बाताया कि अब ज्यादातर खाना लकड़ी के चूल्हे और इंडक्शन पर बनाना पड़ता है। क्योंकि बाजार में सिलेंडर पहले ही 3,000 रुपये ब्लैक में मिलता है।

बेंगलुरु होटल एसोसिएशन के प्रेसिडेंट पी. सी. राव ने बताया कि कीमत में हुई इस बढ़ोतरी के बाद अब खाने पीने की चीजों के दाम बढ़ना तय है। क्योंकि पिछले दो महीनों में सप्लाई में कमी होने के साथ-साथ कीमतों में 70 फीसदी का उछाल आया है। 933 रुपये की बढ़ोतरी के बाद अब ग्राहकों पर इसका बोझ जरूर पड़ेगा।

आम आदमी की थाली पर सीधा असर

तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को अंतरराष्ट्रीय कीमतों और डॉलर-रुपये की एक्सचेंज रेट के आधार पर LPG के दाम तय करती हैं। इसी लिए देशभर में 1 मई को कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी हो गई है। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बाद से ही कच्चे तेल, एलपीजी के दामों में बढ़ोतरी हुई है। घरेलू रसोई गैस के दाम फिलहाल स्थिर हैं, लेकिन कमर्शियल गैस महंगी होने का बोझ आखिरकार आम आदमी की थाली पर ही आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *