Investment in Gold: में 13 महीने का लगातार नेट इनफ्लो का रिकॉर्ड टूट गया है। मई 2026 में गोल्ड ETF में नेट आउटफ्लो 725 करोड़ रुपये का रहा है। यह जानकारी एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) द्वारा बुधवार को जारी किये गए डेटा से पता चली है। यह आंकड़ा दिखाता है कि Gold ETF में निवेशकों का उत्साह पहले जैसा नहीं रहा। साल की शुरुआत में पहले लोगों ने इसमें निवेश किया लेकिन अब इससे दूरी बना रहे हैं।
इनफ्लो से आउटफ्लो तक का सफर
जनवरी 2026 में गोल्ड ETF ने रिकॉर्ड 24,039 करोड़ रुपए का नेट इनफ्लो दर्ज किया था। इसके बाद से हर महीने नेट इनफ्लो का आंकड़ा गिरता रहा। फरवरी में 5,254 करोड़, मार्च में 2,265 करोड़ और अप्रैल में 3,040 करोड़ रुपए का नेट इनफ्लो आया। इसके बाद मई में यह सिलसिला टूट गया। मई में निवेश 2,604 करोड़ रुपये रहा जबकि रिडेम्पशन यानी निवेशकों ने 3,329 करोड़ रुपये निकाल लिये। इस तरह नेट आउटफ्लो 725 करोड़ रुपये रहा।
क्यों पैसा निकाल रहे लोग?
मॉर्निंगस्टार इन्वेस्टमेंट रिसर्च इंडिया की सीनियर एनालिस्ट नेहल मेशराम ने इस बदलाव की वजह बताई। उनके मुताबिक निवेशकों ने सोने की कीमतों में तेज बढ़ोतरी के बाद मुनाफावसूली शुरू कर दी है। साथ ही, कई निवेशकों ने उच्च ब्याज दर के चलते ट्रेजरी बॉन्ड जैसे फिक्स रिटर्न वाले विकल्पों में निवेश बढ़ा दिया है।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि साल 2025 के अधिकांश महीनों में गोल्ड ETF में निवेश 2000 से 3000 करोड़ रुपये के बीच रहा था। वहीं, मई 2026 में निवेश 2,604 करोड़ रुपये रहा जो कि बताता है कि इसमें लोगों की रुचि पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।
निवेश घटा लेकिन AUM में हुई बढ़ोतरी
गोल्ड ETF का AUM उस कुल राशि को कहते हैं, जो निवेशकों ने निवेश की है, लेकिन सोने की बढ़ती या घटती कीमतों के कारण घटती-बढ़ती रहती है। इसी कारण आउटफ्लो के बावजूद गोल्ड ETF का कुल AUM अप्रैल के 1.78 लाख करोड़ से बढ़कर मई में 1.85 लाख करोड़ रुपए हो गया। यह 6,460 करोड़ की बढ़ोतरी पूरी तरह गोल्ड की कीमतों में आई तेजी की वजह से हुई। यानी निवेशकों ने पैसा निकाला, लेकिन बचे हुए निवेश की वैल्यू बढ़ गई।
निवेशकों की संख्या में भी गिरावट
यह गिरावट सिर्फ गोल्ड ETF में नहीं रही, बल्कि इसमें निवेश करने वालों की संख्या में भी गिरावट आई है। गोल्ड ETF में फोलियो की संख्या 1.25 करोड़ से घटकर करीब 1.23 करोड़ रह गई। एक महीने में ही 1,34,343 फोलियो बंद हुए हैं।


