Weather Update: राजस्थान में एक साथ एक्टिव होंगे दो सिस्टम, आंधी और बारिश की चेतावनी, जानिए 2-3-4 मई का मौसम

Weather Update: राजस्थान में एक साथ एक्टिव होंगे दो सिस्टम, आंधी और बारिश की चेतावनी, जानिए 2-3-4 मई का मौसम

जयपुर। राजस्थान में तेज गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में हल्की गिरावट के साथ मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक कम होने की संभावना है, जिससे गर्मी के तेवर कुछ नरम पड़ सकते हैं।

यह वीडियो भी देखें

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश पर दिखाई देगा। इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाएं भी मौसम में बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाएंगी। इन दोनों सिस्टम के संयुक्त प्रभाव से राजस्थान में आगामी दिनों में आंधी और हल्की बारिश की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है।

मेघगर्जन के साथ तेज आंधी की चेतावनी

पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 3 से 4 दिनों तक दोपहर बाद कई इलाकों में मेघगर्जन के साथ तेज आंधी चल सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट के साथ उमस बढ़ने के आसार हैं। हालांकि, मौसम में इस बदलाव के बावजूद कुछ क्षेत्रों में गर्मी का असर बना रहेगा।

मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा

मई के पहले सप्ताह में भी मौसम पूरी तरह स्थिर रहने की संभावना नहीं है। विभाग का कहना है कि राज्य के कुछ हिस्सों में हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है, लेकिन इसके साथ ही बादल छाने, तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इससे मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

इस बीच मौसम विभाग ने 2 से 4 मई तक के लिए कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, सवाईमाधोपुर और सीकर में मेघगर्जन, वज्रपात और झोंकेदार तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। वहीं 2 और 3 मई को बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जैसलमेर, नागौर, फलोदी और श्रीगंगानगर में उष्णलहर के साथ आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, तेज हवाओं और बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *