MP में मौसम ने ली करवट, इन जिलों में बारिश-ओले, अगले 3 दिन बारिश का अलर्ट

MP में मौसम ने ली करवट, इन जिलों में बारिश-ओले, अगले 3 दिन बारिश का अलर्ट

MP Weather: मध्य प्रदेश में रविवार को मौसम ने करवट ली है। प्रदेश के इन जिलों में लोगों भीषण गर्मी और गर्म हवाओं से रात मिली है। इंदौर, खंडवा और शाजापुर में तेज हवाओं के साथ बारिश से मौसम सुहाना हो गया। शाजापुर में कहीं -कहीं बारिश के साथ ओले भी गिरे। हालांकि, ओले गिरने के कारण किसानों में निराशा देखी गई। मौसम विभाग ने 27 अप्रैल से 30 अप्रैल तक गरज और बिजली के साथ बारिश की चेतावनी (Rain Alert) जारी की है। वहीं, राज्य मौसम विभाग ने प्रदेश भर के कई जिलों के लिए लू का अलर्ट भी जारी किया है।

इंदौर में हुई बूंदाबांदी

इंदौर में दोपहर को लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। रविवार को पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया। हालांकि शाम को शहर में मौसम बदला और काले बादल छा गए। कुछ देर बाद बूंदाबांदी ने इंदौरवासियों को राहत दी। शाम होते-होते मौसम में बदलाव देखने को मिला। शहर के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई।। मौसम विभाग के अनुसार, स्थानीय मौसमी तंत्र सक्रिय होने के कारण यह बदलाव देखा गया है।

मूंदी में तेज हवा के साथ बारिश, खंडवा में बूंदाबांदी

खंडवा में भी रविवार को मौसम अचानक बदल गया। जिले में दोपहर में बादल छा गए। शहर सहित जिले के अन्य ब्लॉकों में तेज हवा आंधी भी चली। शहर में मामूली बूंदाबांदी हुई। वहीं, पुनासा ब्लॉक के मूंदी सहित आसपास के क्षेत्र में तेज हवा के साथ कुछ देर बारिश हुई है। मौसम विभाग ने भी आगामी दिनों में बारिश की चेतावनी जारी की है। बादल और बारिश के कारण उमस भी बढ़ी। वहीं, तेज धूप से अधिकतम तापमान भी सीजन में पहली बार 42 डिग्री पर पहुंचा।

शाजापुर में बारिश के साथ गिरे ओले, किसान परेशान

शाजापुर जिले के गुलाना क्षेत्र में मौसम ने अचानक करवट बदली और देखते ही देखते तबाही का मंजर शुरू हो गया। क्षेत्र के इमली खेड़ा सहित आसपास के आधा दर्जन गांवों में तेज आंधी-तूफान के साथ जमकर बारिश हुई। इस दौरान ओलावृष्टि का दौर चला, जिससे पूरे इलाके में सफेद चादर बिछ गई। आंधी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह पेड़ों की टहनियां गिरने से आवागमन और विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। धूल भरी आंधी के बाद हुई इस ओलावृष्टि से तापमान में तो गिरावट आई है, लेकिन किसानों के चेहरे पर मायूसी छा गई है।

बारिश और लू का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 27 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिणी हिस्से से नमी के कारण प्रदेश में कुछ स्थानों पर बादल-बारिश की स्थिति बन सकती है। 27 अप्रैल से 3 दिन तक प्रदेश में गरज-चमक और बारिश होने के आसार है। ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, रायसेन, नर्मदापुरम, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर में लू का अलर्ट (Loo Alert) भी जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *