राजस्थान में तेज धूप से गर्मी के तेवर तेज हो गए। बाड़मेर, जैसलमेर के बाद कोटा में भी पारा 41 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। चूरू, चित्तौड़गढ़ में भी कल तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज हुआ। बढ़ती गर्मी के साथ पश्चिमी राजस्थान में दिन में हल्की गर्म हवा चलनी शुरू हो गई है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राज्य में 17 अप्रैल से हीटवेव की चेतावनी दी है। तेजी से बढ़ रहा दिन का पारा पिछले 24 घंटे में राजस्थान के सभी जिलों में मंगलवार सुबह से शाम तक आसमान साफ रहा। कई शहरों में तेज धूप निकली, जो शाम तक बरकरार रही। मंगलवार दिन का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान बाड़मेर में 41.6 और कोटा में 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जैसलमेर, चूरू में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सीकर, झुंझुनूं एरिया में देर शाम छाए बादल दिनभर तेज धूप और गर्मी के बाद देर शाम झुंझुनूं, सीकर और अलवर के कुछ एरिया में हल्के बादल छाए। बादल छाने के साथ यहां हल्की हवा चली और मौसम में बदलाव हुआ। इधर नागौर के भी कुछ एरिया में देर शाम हल्के बादल छाए। इन जिलों में यलो अलर्ट मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में इस सप्ताह गर्मी और तेज होने की संभावना जताई है। इस दौरान पश्चिम के कई जिलों में हीटवेव चलेगी, जिसके लिए यलो अलर्ट जारी किया है। 17 अप्रैल को श्रीगंगानगर, जैसलमेर, बाड़मेर जिलों में हीटवेव चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। 18 अप्रैल को श्रीगंगानगर और बाड़मेर जिलों में हीटवेव चलने का यलो अलर्ट है।


