Guwahati Weather Update RR vs RCB: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 16वां मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है, लेकिन बारिश की वजह से रात 8 बजे टॉस हुआ, जहां रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मैच 8.15 बजे शुरू होना था लेकिन बारिश की वजह से फिर से ग्राउंड को कवर कर दिया गया। यह मुकाबला उसी पिच पर खेला जाना है, जहां पहले राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मैच खेला गया था। यानी एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी को वही पिच मिलेगी, जिस पर उन्होंने जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट जैसे गेंदबाजों के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की थी।
पिछले मैच में भी बारिश ने डाला था खलल
उस मैच में भी बारिश ने खलल डाला था और सिर्फ 11-11 ओवर का मुकाबला खेला गया था। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस मुकाबले से पहले अब तक दो मैच खेल चुकी है और दोनों में उसने शानदार जीत हासिल की है। पहले मुकाबले में उसने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज की थी, जबकि दूसरे मुकाबले में उसने पांच बार की आईपीएल चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को 43 रन से हराया था।
वहीं राजस्थान रॉयल्स ने लगातार तीन मुकाबले जीते हैं। पहले मैच में उसने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से हराया, दूसरे मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 6 रन से मात दी और तीसरे मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ इसी मैदान पर 27 रन से जीत दर्ज की। दोनों टीमें प्लेऑफ की प्रबल दावेदार मानी जा रही हैं। राजस्थान रॉयल्स की टीम में वैभव सूर्यवंशी के अलावा यशस्वी जायसवाल, रियान पराग, शिमरॉन हेटमायर, रविंद्र जडेजा और जॉफ्रा आर्चर जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।
वहीं आरसीबी की टीम विराट कोहली, रजत पाटीदार और टिम डेविड जैसे बल्लेबाजों से सजी है। इसके अलावा रोमारियो शेफर्ड आखिरी ओवरों में मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार और जैकब डफी की जोड़ी इस सीजन अब तक प्रभावित करने में सफल रही है। इसके अलावा जोश हेजलवुड की भी वापसी हो गई है, जो RCB की बॉलिंग आक्रमण को और खतरनाक बनाते हैं।
RR की प्लेइंग 11
यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई और बृजेश शर्मा।
RCB की प्लेइंग 11
विराट कोहली, फिलिप साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह और जोश हेज़लवुड।


