US-Iran War: क्या ईरान के खिलाफ परमाणु हथियार का इस्तेमाल करने वाला है अमेरिका? ट्रंप ने कर दिया बड़ा दावा

US-Iran War: क्या ईरान के खिलाफ परमाणु हथियार का इस्तेमाल करने वाला है अमेरिका? ट्रंप ने कर दिया बड़ा दावा

US-Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर के बाद भी तनाव बरकरार है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर परमाणु हमले को लेकर बयान दिया है। ओवल ऑफिस में मीडिया ने ट्रंप से पूछा- क्या आप ईरान के खिलाफ परमाणु हथियारों का इस्तेमाल करेंगे? इसका जवाब देते उन्होंने कहा कि वह ईरान के खिलाफ परमाणु हथियारों का इस्तेमाल नहीं करेंगे। 

ट्रंप ने कहा कि ऐसा बेवकूफी भरा सवाल क्यों पूछा जाएगा? मैं परमाणु हथियार का इस्तेमाल क्यों करूंगा? अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी दावा किया कि अमेरिका बिना परमाणु हमले के ही ईरान को पहले ही तबाह कर चुका है।

ईरान की वायुसेना हुई तबाह- ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी दावा किया है कि ईरान की नौसेना समुद्र में डूब चुकी है और वायुसेना तबाह हो चुकी है। साथ ही कहा कि उनकी एंटी-एयरक्राफ्ट और रडार प्रणाली खत्म हो गई है, उनके नेता अब नहीं रहे और नाकाबंदी पूरी तरह मजबूत है। अब हालात और खराब होंगे। समय उनके पक्ष में नहीं है। कोई भी समझौता तभी होगा जब वह अमेरिका, उसके सहयोगियों और पूरी दुनिया के लिए सही होगा।

होर्मुज पर हमारा नियंत्रण

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि होर्मुज में हमने नाकाबंदी के जरिए जो किया है, वह कमाल का है और कोई भी इसे पार नहीं कर पा रहा। कोई कोशिश भी नहीं कर रहा। इस पर हमारा नियंत्रण है। ईरान द्वारा सऊदी अरब, यूएई, कतर, कुवैत, बहरीन और अन्य जगहों पर हमला करना एक बड़ी गलती है। 

ट्रंप ने कहा कि अगर वे समुद्र में माइंस बिछा रहे हैं, तो यह भी उनके लिए बड़ी गलती है।

‘संघर्ष खत्म करने का कोई दवाब नहीं’

हालांकि इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ बातचीत को लेकर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया था। उन्होंने कहा था कि ईरान के साथ संघर्ष खत्म करने के लिए उन पर कोई दबाव नहीं है। उन्होंने दावा किया कि ईरान सैन्य और आर्थिक रूप से कमजोर स्थिति में है। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी समझौता तभी होगा जब वह अमेरिका और उसके सहयोगियों के हित में होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *