US-Iran War: शादी में गा रहे थे खुशी के गीत, तभी हुआ धमाका; मेहमान ने सुनाई अमेरिकी हमले की कहानी

US-Iran War: शादी में गा रहे थे खुशी के गीत, तभी हुआ धमाका; मेहमान ने सुनाई अमेरिकी हमले की कहानी

US-Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर से तनाव बढ़ गया है। दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे पर हमले किए जा रहे है। इसी बीच ईरान के दक्षिणी प्रांत होर्मोजगान में एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब जश्न के बीच अचानक धमाके हो गए। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास स्थित तटीय गांव कुहेस्तक में मरियम मल्लाही की शादी में सैकड़ों लोग शामिल हुए थे। समारोह दो घरों में आयोजित किया गया था।

इसी दौरान हुए धमाकों में चार साल के बच्चे समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 67 लोग घायल हुए हैं। ईरानी रेड क्रिसेंट के मुताबिक, धमाकों के बाद शादी में शामिल मेहमानों और राहतकर्मियों ने मलबे में फंसे लोगों की तलाश शुरू की। 

अमेरिकी हमले की आशंका, CENTCOM कर रहा जांच

एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने इस घटना को लेकर आंतरिक समीक्षा शुरू की है। हालांकि, अब तक आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि नहीं हुई है कि शादी समारोह पर हमला अमेरिकी सेना ने ही किया था। Axios की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना ईरान-अमेरिका युद्ध शुरू होने के करीब छह महीने बाद सामने आए सबसे गंभीर नागरिक हताहत मामलों में से एक है।

CENTCOM के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स ने कहा कि हम उन रिपोर्टों से अवगत हैं, जो ईरानी सरकारी मीडिया से सामने आई हैं और हम मामले की जांच कर रहे हैं। अमेरिकी सेना कभी नागरिकों को निशाना नहीं बनाती।

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने व्हाइट हाउस की प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि उनके पास घटना को लेकर कोई नई जानकारी नहीं है। उन्होंने दोहराया कि अमेरिका युद्ध के दौरान कभी नागरिकों को निशाना नहीं बनाता और मामले की जांच की जाएगी।

हालांकि, रॉयटर्स की एक जांच में दावा किया गया है कि शादी समारोह पर हुआ हमला किसी दूसरे लक्ष्य से टकराकर वापस आए हथियार का नतीजा होने के बजाय सीधे अमेरिकी हथियार के हमले की वजह से होने की अधिक संभावना है।

शादी की खुशी के बीच अचानक मची चीख-पुकार

शादी में शामिल जैनब मल्लाही ने घटना को याद करते हुए बताया कि धमाके से कुछ पल पहले तक महिलाएं शादी की खुशी में पारंपरिक तरीके से जश्न मना रही थीं। तभी अचानक घर की छत और दीवारें भरभराकर गिर गईं।

उन्होंने ड्रॉप साइट न्यूज (Drop Site News) को बताया कि उस घटना की आवाज आज भी उनका पीछा करती है। उनके मुताबिक, महिलाओं के जश्न मनाने की आवाज के तुरंत बाद छत और दीवारें उनके ऊपर गिर गईं।

घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक प्रोजेक्टाइल घर की छत से टकराया और फर्श में करीब 1.5 मीटर गहरा गड्ढा बन गया। एक अन्य प्रोजेक्टाइल खजूर के पेड़ से टकराया, जिससे पेड़ गिरकर दीवार पर जा गिरा। इसके बाद शादी में शामिल लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे।

दुल्हन के पिता ने कहा- आसपास कोई सैन्य ठिकाना नहीं था

दुल्हन के पिता और स्थानीय मछुआरे अली मल्लाही के मुताबिक, शादी में करीब 350 लोग मौजूद थे। उन्होंने कहा कि दोनों घर पूरी तरह रिहायशी इलाके में स्थित थे और उनके आसपास कोई सैन्य ठिकाना या सैन्य प्रतिष्ठान नहीं था।

अली मल्लाही ने बताया कि धमाके की आवाज सुनकर उन्हें शुरुआत में लगा कि शायद गैस सिलेंडर फट गया है। लेकिन जब वह दूसरे घर पहुंचे तो वहां लोगों को इधर-उधर भागते देखा और तब उन्हें घटना की गंभीरता का अंदाजा हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *