भाजपा नेता के इलाज पर हंगामा:अस्पताल पर लापरवाही और अवैध वसूली का आरोप लगा

भाजपा नेता के इलाज पर हंगामा:अस्पताल पर लापरवाही और अवैध वसूली का आरोप लगा

मथुरा के वृंदावन में भाजपा नेता पम्मी गोस्वामी के इलाज को लेकर सिम्स अस्पताल में सोमवार को हंगामा हुआ। परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही और तय रकम से अधिक पैसे मांगने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। भाजपा नेता पम्मी गोस्वामी बीते दिनों वृंदावन क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों की फायरिंग में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए हाईवे क्षेत्र स्थित सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ ने इलाज में लापरवाही बरती। साथ ही, तय खर्च के अतिरिक्त 30 हजार रुपये जमा कराने का दबाव बनाया गया। उनका यह भी आरोप है कि अतिरिक्त भुगतान न करने पर डिस्चार्ज प्रक्रिया में जानबूझकर देरी की गई। इन आरोपों की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। अस्पताल परिसर में बढ़ते हंगामे को देखते हुए थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों और कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत कराया। थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *