बंगाल CM शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में यूपी कनेक्शन, बलिया का राजकुमार सिंह CBI के हत्थे चढ़ा

बंगाल CM शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में यूपी कनेक्शन, बलिया का राजकुमार सिंह CBI के हत्थे चढ़ा

पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में यूपी कनेक्शन लगातार गहराता जा रहा है। सीबीआई ने अब बलिया के रहने वाले राजकुमार सिंह को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया है। इससे पहले इसी मामले में बलिया के ही एक अन्य युवक राज सिंह को अयोध्या से पकड़ा गया था। पूछताछ में अब हत्या की साजिश और आरोपियों के नेटवर्क की परतें खुलने की उम्मीद जताई जा रही है।

पश्चिम बंगाल में हुए चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच कर रही सीबीआई ने सोमवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए यूपी बलिया के रहने वाले राजकुमार सिंह को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसी को पहले से उसकी गतिविधियों की जानकारी मिल चुकी थी। सूचना थी कि वह हरिद्वार से लौट रहा है। इसी इनपुट के आधार पर सीबीआई टीम ने छपार टोल प्लाजा के पास जाल बिछाया। उसकी गाड़ी पहुंचते ही उसे हिरासत में ले लिया।

6 मई को कार रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर की गई थी हत्या

बताया जा रहा है कि बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के दो दिन बाद 6 मई को 42 वर्षीय चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बदमाशों ने उनकी कार रुकवाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। जिसमें उन्हें सीने और पेट में तीन गोलियां लगी थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीबीआई को सौंपी गई थी।

जांच एजेंसी को मिली 24 घंटे की रिमांड, पूछताछ में खुल सकते राज

राजकुमार की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने उसे सीजेएम कोर्ट में पेश किया। जहां से एजेंसी को 24 घंटे की रिमांड मिल गई। अब उससे हत्या की साजिश, फंडिंग और अन्य संदिग्धों के बारे में पूछताछ की जा रही है। एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि अयोध्या से गिरफ्तार किए गए राज सिंह से उसका क्या संबंध है।

मुंबई से लौट कर विदेश जाने की तैयारी में था राजकुमार

जांच के बीच राजकुमार का पारिवारिक बैकग्राउंड भी सामने आया है। उसके पिता त्रिभुवन नारायण सिंह एलएंडटी में काम करते थे। हाल ही में रिटायर हुए हैं। राजकुमार ने बीए प्रथम वर्ष तक पढ़ाई की। लेकिन बाद में पढ़ाई छोड़ मुंबई में क्रेन हेल्पर का काम करने लगा। करीब आठ महीने पहले वह वापस घर लौट आया था। विदेश जाने की तैयारी कर रहा था।

पिता का दावा, परिवार का पश्चिम बंगाल से कोई संबंध नहीं

राजकुमार के पिता ने दावा किया कि परिवार का पश्चिम बंगाल से कोई संबंध नहीं है। उनका कहना है कि सीबीआई अधिकारियों ने फोन पर बेटे को हिरासत में लेने की जानकारी दी। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग एक दिन पहले सिविल ड्रेस में घर आए थे। और राजकुमार के बारे में पूछताछ कर उसकी तस्वीर और मोबाइल नंबर लेकर गए थे। परिवार फिलहाल पूरे मामले को लेकर हैरान है। और उसे जांच के नतीजों का इंतजार कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *