अश्लील Video इंटरनेट पर डाल देंगे, अज्ञात लोगों ने धमकी देकर वकील से मांगे 50 हजार रुपये, मची खलबली

अश्लील Video इंटरनेट पर डाल देंगे, अज्ञात लोगों ने धमकी देकर वकील से मांगे 50 हजार रुपये, मची खलबली

Cyber Fraud in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर ब्लैकमेलिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अज्ञात लोगों ने एक वकील को अश्लील वीडियो भेजकर बदनाम करने की धमकी दी और 50 हजार रुपये की मांग कर डाली। घटना के बाद इलाके में खलबली मच गई है। फिलहाल पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

Lawyer Threatened Online: मिस्ड कॉल के जरिए संपर्क, फिर भेजा आपत्तिजनक वीडियो

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पंडरी के अशोका विहार कॉलोनी निवासी कृष्ण कुमार त्रिपाठी पेशे से वकील हैं। उन्होंने थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि 20 मई की शाम करीब 5:27 बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से मिस्ड कॉल आया था। कॉल बैक करने पर सामने वाले व्यक्ति ने कहा कि वह एक वीडियो भेज रहा है।

कुछ देर बाद दूसरे मोबाइल नंबर से उनके फोन पर एक अश्लील वीडियो भेजा गया। वीडियो देखने के बाद वकील के होश उड़ गए। इसी बीच दोबारा कॉल कर आरोपित ने धमकी दी कि यदि 50 हजार रुपये नहीं दिए गए तो वीडियो को सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया जाएगा।

पैसे देने से मना करने पर बढ़ी धमकियां

शिकायतकर्ता ने आरोपितों से कहा कि वीडियो से उनका कोई संबंध नहीं है और वे किसी भी प्रकार की रकम नहीं देंगे। इसके बाद भी आरोपित लगातार फोन कर दबाव बनाते रहे और बदनाम करने की धमकी देते रहे। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर वकील ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

साइबर ट्रेसिंग के जरिए आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अब संबंधित मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल, लोकेशन और साइबर ट्रेसिंग के जरिए आरोपितों की पहचान करने में जुटी है। शुरुआती जांच में इसे साइबर ब्लैकमेलिंग और डिजिटल एक्सटॉर्शन का मामला माना जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपितों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि अनजान नंबरों से आने वाले वीडियो कॉल, संदिग्ध लिंक और अश्लील मैसेज से सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की धमकी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *