प्रयागराज के कर्नलगंज में में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में कारपेंटर समेत दो मजदूरों की करंट लगने से मौत हो गई। दोनों मकान में फर्नीचर का काम कर रहे थे, तभी एल्युमिनियम कीरॉड 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गई और उसमें करंट उतर आया।
काम के दौरान हुआ हादसा
लालपट्टी मंफोर्डगंज निवासी खेतई लाल उर्फ लालचंद के मकान में बड़ा बघाड़ा निवासी 55 वर्षीय रमेश सोनकर कारपेंट्री का काम कर रहा था। शनिवार को मकान की दूसरी मंजिल पर कमरे में कबोर्ड बनाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान रमेश और उसके साथ आया एक मजदूर एल्युमिनियम की लंबी रॉड को बाहर निकालकर काटने का प्रयास कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि रॉड घर के सामने से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गई। हाई वोल्टेज करंट रॉड में उतरते ही दोनों मजदूर उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
चीख-पुकार से मचा हड़कंप
हादसे के समय कमरे में मौजूद महिला ने घटना देख शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर कर्नलगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दूसरे मृतक की नहीं हो सकी पहचान
पुलिस के मुताबिक एक मृतक की पहचान रमेश सोनकर के रूप में हो गई है, जबकि दूसरे मजदूर की शिनाख्त देर शाम तक नहीं हो सकी थी। बताया जा रहा है कि रमेश उसे पहली बार शनिवार को अपने साथ काम पर लाया था। पुलिस उसकी पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।
हाईटेंशन लाइन के नीचे काम बना जानलेवा
स्थानीय लोगों का कहना है कि मकान के सामने से गुजर रही हाईटेंशन लाइन लंबे समय से खतरा बनी हुई है। शनिवार को एल्युमिनियम की रॉड के तार से छूते ही कुछ सेकंड में दो लोगों की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में बिजली सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।


