खैरथल पुलिस ने नकबजनी के मामले में दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सुनसान मकान की रेकी कर देर रात वारदात को अंजाम दिया था। थानाधिकारी रामकिशन यादव ने बताया- 7 अप्रैल की रात जसोरिया कॉलोनी, खैरथल में एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोरों ने ताले तोड़ दिए और अंदर घुसकर अलमारियों से 1.30 लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। जयपुर गया हुआ था परिवार परिवार 5 अप्रैल को जयपुर गया हुआ था और 8 अप्रैल को लौटने पर घटना का पता चला। घर में लगे CCTV कैमरों में आरोपी रात 1 बजे से 3 बजे के बीच चोरी करते हुए कैद हुए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत टीम गठित कर जांच शुरू की। CCTV फुटेज खंगाले गए, संदिग्धों से पूछताछ की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने रूपेश कुमार उर्फ मुकेश निवासी भरतपुर और दिनेश कुमार उर्फ सेठी उर्फ भाऊ को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी को भरतपुर से और दूसरे को खैरथल से पकड़ा गया। फिलहाल पुलिस चोरी गया माल बरामद करने में जुटी है। रेकी कर वारदात को अंजाम देते थे आरोपी पहले बंद मकानों की रेकी करते थे। दिनेश कुमार खैरथल में अंडे की दुकान चलाता है, स्थानीय स्तर पर सूने मकानों की पहचान करता था, उसने अपने साथी रूपेश को बुलाया। लोहे की नुकीली रॉड बनवाकर ताले तोड़े गए। देर रात वारदात को अंजाम दिया गया। रूपेश कुमार पर चोरी, नकबजनी और मारपीट सहित कई मामले भरतपुर और जयपुर में दर्ज हैं। दिनेश कुमार पर भी पूर्व में एक्साइज एक्ट और अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।


