ट्विशा शर्मा के पति समर्थ ने क्राइम सीन से सबूत मिटाए ! CBI की जांच में नया खुलासा

ट्विशा शर्मा के पति समर्थ ने क्राइम सीन से सबूत मिटाए ! CBI की जांच में नया खुलासा

twisha sharma suspicious death: भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा केस की सीबीआई (CBI) जांच कर रही है। सीबीआई की जांच में कई चौंका देने वाले खुलासे भी हो रहे हैं और नई-नई बातें निकलकर सामने आ रही हैं। इसी बीच ये भी पता चला है कि ट्विशा शर्मा की मौत के बाद उसके पति समर्थ सिंह क्रिमिनल लॉयर होने के कारण क्राइम सीन पर हेरफेर की। इस बात की पुष्टि सीबीआई के द्वारा दर्ज की गई एफआईआर में हुई है। बता दें कि ट्विशा की मौत के बाद उसके परिवार वालों ने भी सबूत मिटाए जाने की आशंका जताई थी और ट्विशा की मौत की खबर पुलिस को देरी से देने पर सवाल उठाए थे।

मौत की पुष्टि होने के बाद घर लौटकर मिटाए सबूत- परिजन

ट्विशा शर्मा के परिवार का आरोप है कि अस्पताल में जब डॉक्टरों ने ट्विशा की मौत की पुष्टि की उसके बाद पति समर्थ सिंह अपने घर वापस लौटकर आया और उसने क्राइन सीन से सबूतों को मिटाया। इतना ही नहीं सबूत मिटाने के बाद पुलिस को सूचना दी। परिजन का ये भी आरोप है कि जब ट्विशा ने 12 मई की रात 10:20 बजे कथित रूप से फांसी लगाई थी, तो एम्स में 13 मई की सुबह 5 बजे मामला क्यों दर्ज हुआ। परिजनों के इस आरोप की भी सीबीआई जांच करेगी कि पुलिस को सूचना देने में देरी क्यों की गई?

सीबीआई ने पति-सास पर दर्ज किया दहेज मृत्यु का मामला

सीबीआई ने ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में भोपाल पुलिस की FIR को री-रजिस्टर किया है। सीबीआई ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया है। जांच के दौरान ये भी सामने आया है कि पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह ट्विशा के मायके पक्ष से 20 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे।

रविवार को दोबारा हुआ पोस्टमार्टम, फिर अंतिम संस्कार

इससे पहले रविवार को दिल्ली से आई स्पेशल टीम ने ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया था। करीब तीन घंटे तक भोपाल के एम्स में ट्विशा का दोबारा पोस्टमार्टम चला और पोस्टमार्टम के बाद ट्विशा का शव परिजनों को सौंपा गया। जिसके बाद परिजनों ने रविवार शाम को भोपाल के भदभदा घाट पर ट्विशा का अंतिम संस्कार किया था।

12 मई को हुई थी मौत

31 वर्षीय ट्विशा शर्मा नोएडा की रहने वाली थी। दिसंबर, 2025 में शादी डॉट कॉम के जरिए ट्विशा की शादी भोपाल की पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के अधिवक्ता बेटे समर्थ सिंह के साथ हुई थी। 12 मई की रात ट्विशा नोएडा में रहने वाली अपनी मां और अन्य परिजनों से बात कर बता रही थी कि उसे टार्चर किया जा रहा है। नौकरी छोड़ने के कारण नाकारा कहा जा रहा है। मुझे ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा है। इसके बाद ही उसका फोन कट गया और दो घंटे बाद सास गिरिबाला सिंह ने मायके वालों को फोन कर बताया कि ट्विशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। ट्विशा के मायके वालों ने पति व ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने और हत्या करने के आरोप लगाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *