Twisha Sharma suicide case: भोपाल के वीआईपी इलाके कटारा हिल्स में रहने वाली 33 वर्षीय मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में एक नया CCTV फुटेज सामने आया है। इस वीडियो में ट्विशा अपनी मौत से महज कुछ घंटे पहले एक ब्यूटी पार्लर में बेहद सामान्य और शांत नजर आ रही हैं। पुलिस इस फुटेज को जांच का अहम हिस्सा मान रही है, ताकि ट्विशा के आखिरी पलों और उनकी मानसिक स्थिति को समझा जा सके।
पार्लर में बिताए थे 3 घंटे, कराई थी हेड मसाज
ट्विशा के ससुराल वालों ने पुलिस को दिए अपने शुरुआती बयान में बताया था कि 12 मई को वह घर से किसी सैलून जाने के लिए निकली थीं। अब सामने आया सीसीटीवी फुटेज उनके इस बयान की पुष्टि करता है। मिली जानकारी के अनुसार, वह फुटेज 12 मई का है, जब ट्विशा भोपाल के ‘एक्सप्रेशन ब्यूटी पार्लर’ (Expression Beauty Parlour) पहुंची थीं। वहां उन्होंने करीब तीन घंटे का वक्त बिताया। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि ट्विशा सैलून में आराम से बैठी हैं और काफी रिलैक्स होकर ‘हेड मसाज’ (सिर की मालिश) करवा रही हैं। उनके चेहरे को देखकर यह अंदाजा लगाना मुश्किल है कि वह कुछ ही घंटों बाद इतना आत्मघाती कदम उठा लेंगी। इस पार्लर विज़िट के कुछ ही घंटों बाद, भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में ट्विशा का शव जिम कसरत वाली रस्सी (Gymnastic Rope) से लटका हुआ मिला था।
शादी के महज 5 महीने बाद मौत
ट्विशा शर्मा की शादी महज पांच महीने पहले भोपाल के रहने वाले वकील समर्थ सिंह से हुई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह ‘फांसी लगाना’ (Hanging) ही सामने आई है, लेकिन ट्विशा के मायके वाले इस थ्योरी को मानने को तैयार नहीं हैं और उन्होंने इसे सोची-समझी साजिश बताया है।
मायके वालों का आरोप
ट्विशा के माता-पिता का आरोप है कि उनकी बेटी के शरीर पर कई जगह गहरी चोटों के निशान (Multiple Injury Marks) मिले हैं, जो यह इशारा करते हैं कि फांसी से पहले उसके साथ मारपीट की गई थी। माता-पिता ने दावा किया है कि शादी के बाद से ही दामाद समर्थ और उसके घरवाले ट्विशा को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे और उसे भयानक मानसिक टॉर्चर दिया जा रहा था।
पुलिस की जांच तेज
ताजा सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस अब कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। सवाल यह उठ रहा है कि जो महिला दोपहर को पार्लर में इतनी शांत और रिलैक्स दिख रही थी, उसने घर लौटते ही अचानक आत्महत्या क्यों कर ली? क्या घर लौटने के बाद उसका पति या ससुराल वालों से कोई बड़ा झगड़ा हुआ था? फिलहाल पुलिस मृतका के पति समर्थ सिंह और ससुराल पक्ष से पूछताछ कर रही है।


