इज़रायल (Israel) और हिज़बुल्लाह (Hezbollah) के बीच लेबनान (Lebanon) में 16 अप्रैल को 10 दिन के सीज़फायर की घोषणा की गई थी। अमेरिका (United States of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की मध्यस्थता में यह सीज़फायर लागू हुआ और उन्होंने इज़रायल को इसका पालन करने का आदेश भी दिया था। हालांकि ट्रंप के आदेश की धज्जियाँ उड़ाते हुए अलग-अलग मौकों पर सीज़फायर का उल्लंघन किया। हालांकि अब दोनों देशों में एक बार फिर सीज़फायर को बढ़ाने पर सहमति बन गई है और इसे 3 हफ्ते बढ़ाने का फैसला लिया गया है। ट्रंप ने सीज़फायर बढ़ाने का ऐलान किया है।
व्हाइट हाउस में मीटिंग के बाद बढ़ाया गया सीज़फायर
लेबनान में सीज़फायर का उल्लंघन करते हुए इज़रायली हमलों में एक पत्रकार सहित करीब पांच लोगों की मौत के एक दिन बाद ट्रंप ने व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में अमेरिका में इज़रायली राजदूत येचिएल लीटर और लेबनानी राजदूत नाडा मोवाद की अमेरिकी मध्यस्थता में हुई शांति-वार्ता के दूसरे दौर के लिए मेजबानी की। इस दौरान सहमति के बाद सीज़फायर बढ़ाने का फैसला लिया गया।


